जयपुर में सांगानेर तहसील इलाके के मुहाना गांव में तालाब की पाल पर सोना माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह 2 दिवसीय महोत्सव शनिवार से शुरू होगा। यह आयोजन श्री चारभुजा नाथ, सोना माता और पराग महाराज की असीम कृपा से होगा, जिसमें प्रदेशभर के डोरवाल समाज के लोग शामिल होंगे। कलश और ध्वज यात्रा से होगा शुभारंभ दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ शनिवार 11 जुलाई को सुबह 11:15 बजे कलश यात्रा व ध्वज यात्रा से होगी, जो श्री चारभुजा मंदिर से सोना मंदिर तक निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे हवन-पूजन, शाम 6:30 बजे भोजन प्रसादी और रात्रि 8:30 बजे से माताजी मंदिर में जागरण सत्संग का आयोजन होगा। प्राण प्रतिष्ठा के बाद होगा भामाशाह सम्मान समारोह महोत्सव के दूसरे दिन रविवार 12 जुलाई को सुबह 7:15 बजे पूजा-अर्चना, 8:15 बजे नवचंडी पाठ एवं महामृृत्युंजय जाप होगा। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे सोना माता की प्राण प्रतिष्ठा और दोपहर 2 बजे भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम 4 बजे से भोजन (प्रसादी) का आयोजन रहेगा। कुलदेवी के रूप में पूजी जाती है सोना माता ऐतिहासिक जानकारी के मुताबिक सोना माता को डोरवाल गोत्र के गौड़ ब्राह्मण समाज की कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। आयोजन समिति ने बताया कि सभी आगंतुकों के ठहरने एवं शयन की व्यवस्था श्री चारभुजा मंदिर, मुहाना में की गई है। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित, विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों के साथ शामिल होने की अपील की गई है।