राजस्थान में ग्रीन मोबिलिटी को नई दिशा देने के लिए ‘पीएम ई-ड्राइव’ योजना के तहत बड़ा कदम उठाया गया है। कोटा में 28 नए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। राजस्थान में 262 स्थानों पर कुल 591 पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए 81 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इस योजना के तहत राजस्थान में 262 स्थानों पर कुल 591 पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। खास बात यह है कि औद्योगिक और शैक्षणिक हब के रूप में पहचान रखने वाले कोटा में 28 नए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे शहर में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि यह योजना सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहेगी। जयपुर में 112, अजमेर में 49 और उदयपुर में 39 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। साथ ही राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर भी 34 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे लंबी दूरी तय करने वाले ईवी उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और ‘रेंज एंग्जायटी’ की समस्या कम होगी। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इन चार्जिंग स्टेशनों के लिए सरकारी जमीन का उपयोग किया जाएगा, जिससे परियोजना तेजी से पूरी हो सके। यह पहल कार्बन उत्सर्जन को कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।