अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर आरजीएचएस (RGHS) योजना में इलाज बंद होने और इसे बीमा मोड पर देने के विरोध में नागौर में प्रदर्शन किया गया। महासंघ की जिला कार्यकारिणी ने पब्लिक पार्क में सभा आयोजित करने के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। इलाज बंद होने से कर्मचारियों में गुस्सा महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्जुनराम लामरोड ने कहा कि निजी अस्पतालों में इलाज बंद होने से प्रदेश के 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों में भारी नाराजगी है। सरकार द्वारा चिकित्सा सुविधाओं में की जा रही कटौती के कारण कर्मचारियों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। महासंघ के जिलाध्यक्ष रामनिवास चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि योजना को मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज होगा। 5 से 25 मई को चिकित्सा मंत्री के राजकीय दौरों का विरोध किया जाएगा। राजधानी जयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में इनकी रही मौजूदगी इस विरोध प्रदर्शन में महासंघ के कोषाध्यक्ष राम सिंह भाटी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश प्रजापत, विधि मंत्री रूपराज भाकल, कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष हरिराम सारण और एएनएम संघ की जिलाध्यक्ष मुन्नी देवी सहित राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील, शिक्षक संघ शेखावत, ग्राम विकास अधिकारी संघ और सूचना एवं प्रौद्योगिकी संघ के अनेक पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।