ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने हरिश्चंद्र सागर परियोजना के तहत चल रहे नहरों के द्वितीय चरण के मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कृषि और सिंचाई को अपनी प्राथमिकता बताया। नागर ने नहरों पर चल रहे निर्माण कार्य से टाइल हटवाकर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माणाधीन नहरों की प्रगति का जायजा लेते हुए कहा कि हरिश्चंद्र सागर परियोजना क्षेत्र के किसानों की जीवनरेखा है। परियोजना के सुदृढ़ीकरण के लिए राजस्थान सरकार ने दो चरणों में बड़ा बजट आवंटित किया है। प्रथम चरण में 1930.68 लाख रुपए के मरम्मत कार्य कराए गए थे, जबकि द्वितीय चरण में बजट घोषणा 2024-25 के तहत 30 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।