पाली जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में मिलावटी घी बनाकर बेचने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। सिंदरू में खाली मकान में पॉम ऑयल से नकली घी तैयार किया जा रहा था और सांडेराव की डेयरी पर बेचा जा रहा था। पुलिस ने कुल 160 लीटर मिलावटी घी जब्त किया। खाद्य सुरक्षा विभाग की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। सिंदरू में बन रहा था नकली घी पुलिस के अनुसार बालोतरा के गुडामलानी निवासी पिता-पुत्र सिंदरू से सांडेराव तक मिलावटी घी बनाकर बेच रहे थे। सिंदरू स्थित सरकारी स्कूल के पास खाली मकान में बेटा प्रकाश विश्नोई (22) बड़ी कढ़ाई में 50 लीटर पॉम ऑयल में एसेंस डालकर नकली घी तैयार कर रहा था। टीम के पहुंचते ही वह घबरा गया। मौके से 100 लीटर तैयार मिलावटी घी भी मिला, जिसे प्लास्टिक के ड्रम में भरकर जब्त किया गया। सांडेराव में डेयरी पर बेच रहा था पिता इसके बाद टीम सांडेराव पहुंची, जहां बालाजी डेयरी पर पिता पेमाराम (55) पुत्र निंबाराम विश्नोई इस मिलावटी घी को 450 से 500 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बेच रहा था। यहां से भी पुलिस ने 60 लीटर घी जब्त किया और दोनों को गिरफ्तार किया। खाद्य सुरक्षा विभाग की सूचना पर कार्रवाई नकली घी बनाने की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली थी। इसके बाद सांडेराव के एसएचओ श्यामराज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दबिश दी। कढ़ाई में खौल रहे 50 लीटर घी और ड्रम में रखे 100 लीटर घी से सैंपल लेकर जब्त किया गया। 130 खाली टीन भी मिले सिंदरू में तलाशी के दौरान पॉम ऑयल के 130 खाली टीन भी बरामद हुए, जिससे बड़े स्तर पर मिलावट का अंदेशा जताया जा रहा है। 500 रुपए किलो में बेचने की बात कबूली पेमाराम ने पूछताछ में बताया कि वे पॉम ऑयल को गर्म कर उसमें मलाई मिलाते थे ताकि घी असली जैसा दिखे। बिना किसी ब्रांड के इसे 480 से 500 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जाता था।