चाचा-ताऊ के परिवारों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। हमले में 60 साल के बुजुर्ग के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अलवर जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वहीं दूसरे पक्ष के भी 3 लोग घायल हुए है, जिन्हें भरतपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायल बुजुर्ग का नाम अहमद है। वह डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के गांव साहलपुर के रहने वाले है। पीड़ित ने बताया कि पड़ोस में ही उनके ताऊ का परिवार रहता है। उनके परिवार के कुछ लोग साइबर फ्रॉड करते है। इस बारे में पता लगने पर टोका तो विवाद हो गया। पीड़ित ने बताया कि आज सुबह उनके परिवार का सदस्य गोबर डालने गया था। इस दौरान कहासुनी बढ़ गई और पड़ोसियों ने हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जुनैद ने अवैध देशी कट्टे से फायर कर उनके पैर में गोली मारी। हमले में मुस्तफा, दिलसाद, सहरुना और तुफैल समेत 5 लोग घायल हुए हैं। वहीं ताऊ पक्ष पक्ष के जुनैद, साहिब और इमरान भी घायल हुए हैं, जिन्हें भरतपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है और मामले की जांच जारी है।