डूंगरपुर के सरोदा थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में खेत में मूंग की फसल की सिंचाई कर रहे एक किसान मानेंग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने किसी जहरीले जीव के काटने से मौत होने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बलरामपुर निवासी मानेंग सोमवार को अपने खेत पर मूंग की फसल को पानी देने गया था। सिंचाई के दौरान उसे अचानक चक्कर आया और खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। पास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में मानेंग को लेकर सागवाड़ा अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की अचानक हुई मौत से परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि खेत में काम करते समय किसी अज्ञात जहरीले जीव ने उन्हें काट लिया होगा, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही सरोदा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक के शव को सागवाड़ा चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया। थाना पुलिस ने बताया कि मर्ग दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।