करौली जिले के आगर्री गांव की पहाड़ी में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। दुर्गम रास्तों के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका, जिसके बाद अग्निशमन दल और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर पेड़ों की टहनियों की सहायता से आग पर काबू पाया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। आग लगने की सूचना मिलते ही करौली से दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किया गया। हालांकि पहाड़ी तक पहुंचने का रास्ता संकरा और कठिन होने के कारण वाहन आगजनी स्थल तक नहीं पहुंच पाया। इससे आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद फायर प्रभारी के निर्देश पर अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। इस टीम में ड्राइवर नीरज सिंह गुर्जर और फायरमैन अक्षय शर्मा, शीशराम गुर्जर, पुष्पेन्द्र शर्मा व धर्मेन्द्र सिंह शामिल थे। कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू दमकल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर कठिन पहाड़ी रास्तों से उतरते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने पेड़ों की पत्तेदार टहनियों का उपयोग कर आग की लपटों को नियंत्रित किया। इस दौरान टीम को दुर्गम रास्तों और तेज गर्मी के कारण काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आग दोबारा न भड़के।