अजमेर जिले का केकड़ी शहर अब डिजिटल क्रांति का नया केंद्र बन गया है। 10 अप्रैल को स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने केकड़ी को राजस्थान का पहला 'फ्री वाई-फाई जोन' घोषित किया। 3 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट के तहत अब शहरवासियों को 24 घंटे फ्री हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- डिजिटल क्रांति के दौर में फ्री वाई-फाई जोन बनाना भविष्य की जरूरत है। सरकार का यह दूरदर्शी कदम है। केकड़ी शहर को 8 जोन में बांटा केकड़ी शहर में 3 करोड़ की लागत से विकसित की गई इस फ्री वाई-फाई परियोजना के तहत शहर के 8 मुख्य सार्वजनिक जगहों पर वाई-फाई राउटर लगाए गए हैं। इनमें राजकीय जिला अस्पताल, नगर पालिका परिसर, बस स्टैंड, पंचायत समिति, घंटाघर, तेलियान मंदिर, खाटू श्याम मंदिर और कोर्ट परिसर शामिल हैं। 8 लोकेशन पर 45 एक्सेस पॉइंट शहर में 8 लोकेशन पर 45 एक्सेस पॉइंट लगाए हैं। एक पॉइंट से 100 मीटर के एरिया में लोग इंटरनेट कनेक्ट कर सकेंगे। इंटरनेट की इस सुविधा से एक बार में 5 हजार लोग जुड़ सकेंगे। इस दौरान लोगों को 5 एमबीपीएस की स्पीड मिलेगी। राउटर लगाने वाली कंपनी 3 साल तक इसका मेंटेनेंस करेंगी। इस मॉनिटरिंग के लिए नगर पालिका में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां हर समय दो टेक्निकल कर्मचारी मौजूद रहेंगे। मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने केकड़ी के लोगों को दी बधाई केकड़ी के वाई-फाई जोन बनने को लेकर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने लोगों को बधाई दी। मंत्री ने कहा- केकड़ी को राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित करते हुए शहरवासियों को 24 घंटे निशुल्क इंटरनेट की सुविधा दी गई है। डिजिटल युग में यह पहल केकड़ी को तकनीकी रूप से सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दूरदर्शी निर्णय है, जो युवाओं, स्टूडेंट्स और व्यापारियों के लिए नए अवसर के द्वार खोलेगा। एक बार लॉगिन पर एक घंटे तक यूज कर सकेंगे यूजर प्रोजेक्ट इंचार्ज नितिन शर्मा ने बताया- यह पब्लिक वाई-फाई है। ऐसे में सिक्योरिटी रीजन की वजह से एक यूजर लॉगिन के एक घंटे तक इंटरनेट यूज कर सकेगा। इसके बाद उसे फिर से लॉगिन करना होगा। सभी लोकेशन पर एक समय पर 5 हजार यूजर एक्टिव रह सकते हैं। पोर्न के साथ सरकार की ओर से प्रतिबंधित साइट्स बंद रहेंगी। 28 दिन में काम पूरा, 70 दिन तक की टेस्टिंग नितिन शर्मा ने बताया- 1 जनवरी से शहर में नेटवर्क इंस्टॉल करने का काम चला। इसे 28 जनवरी को पूरा कर लिया गया। इसके बाद 70 दिन तक शहर में इंटरनेट की टेस्टिंग की गई। किसे क्या होगा फायदा? स्टूडेंट्स: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को ऑनलाइन पढ़ाई में बड़ी मदद मिलेगी। व्यापारी: सदर बाजार के दुकानदारों का कहना है कि फ्री इंटरनेट से डिजिटल पेमेंट (UPI) को बढ़ावा मिलेगा, जिससे व्यापार सुगम होगा। आमजन: अस्पताल और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर आने वाले हजारों यात्रियों को सूचनाओं के आदान-प्रदान में आसानी होगी। दुकानदार बोले- ऑनलाइन ट्रांजेक्शन को मिलेगा बढ़ावा केकड़ी के बस स्टैंड पर जूस की दुकान चलाने वाले दीपक साहू ने कहा- सरकार ने बेहतरीन सुविधा शुरू की है। दुकानदारों को इसका फायदा मिलेगा। ऑनलाइनट ट्रांजेक्शन को बढ़ावा मिलेगा। युवा बोले- पढ़ाई में मिलेगी सुविधा सदर बाजार के रहने वाले अमित ने बताया- आमजन के साथ युवाओं को इसका फायदा मिलेगा। पढ़ने वाले युवा फ्री इंटरनेट का इस्तेमाल अपनी पढ़ाई के लिए कर सकेंगे। सार्वजनिक जगहों पर हर रोज हजारों लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे में उन्हें भी सुविधा मिलेगी। केकड़ी को बनाया जा रहा है स्मार्ट सिटी केकड़ी शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में पहला कदम उठाया गया है। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि फ्री वाई-फाई सुविधा से शहर के नागरिकों को इंटरनेट की आसान और फ्री उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे जहां विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी, वहीं छोटे व्यवसायियों को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने का मौका मिलेगा। ------- यह खबर भी पढ़िए… राजस्थान की रिफाइनरी में क्रूड ऑयल सप्लाई की सफल टेस्टिंग:गुजरात से पाइपलाइन से भेजा गया कच्चा तेल; 2 महीने बाद शुरू होगी सप्लाई राजस्थान की पहली आधुनिक टेक्नोलॉजी वाली बीएस-6 मानक एचपीसीएल (HPCL) राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड बाड़मेर के पचपदरा में बनी है। इसका उद्घाटन 21 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)