चिकित्सा विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को पाली शहर में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव ने बुधवार को पाली शहर के लोढ़ा स्कूल के पास स्थित एक लस्सी कॉर्नर का औचक निरीक्षण किया। फूड आइटम के पास कॉकरोच स्प्रे निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान की रसोई में गंदगी पाई गई। साथ ही खाद्य सामग्री के निकट कॉकरोच मारने की दवाई रखी हुई मिली, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है। मौके की स्थिति को देखते हुए टीम ने लस्सी कॉर्नर से मिल्क क्रीम, अनानास फ्रूट क्रश के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।