केंद्र के बाद अब राजस्थान सरकार भी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) तीन फीसदी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। अभी राजस्थान में कर्मचारी और पेंशनर्स को 60 फीसदी डीए मिल रहा है। केंद्र के अनुसार बढ़ोतरी करने पर राजस्थान में कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगा। डीए बढ़ाने के साथ ही सरकार कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने की घोषणा करने वाली है। डीए और दिवाली बोनस को लेकर वित्त विभाग में तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद वित्त विभाग कभी भी डीए बढ़ाने और दिवाली बोनस देने के आदेश जारी कर सकता है। राजस्थान में करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारी और 5.44 लाख पेंशनर्स हैं। राज्य कर्मचारियों के साथ ही पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों का डीए बढ़ेगा। इससे सरकार पर करीब 1500 करोड़ का आर्थिक भार आएगा। अप्रैल में दो फीसदी बढ़ा था डीए राज्य सरकार ने इसी साल अप्रैल में कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए दो फीसदी बढ़ाया था। अप्रैल में डीए 58% से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया था। राजस्थान में पिछले लंबे समय से केंद्र की घोषणा के बाद कुछ समय बाद ही राज्य सरकार भी डीए बढ़ाती रही है। अप्रैल में केंद्र सरकार के डीए बढ़ाने की घोषणा के पांचवें दिन राजस्थान सरकार ने भी DA बढ़ा दिया था। 500 से लेकर 4500 रुपए तक होगा फायदा डीए में तीन फीसदी की बढ़ोतरी से सरकारी कर्मचारियों और अफसरों को वेतनमान के हिसाब से अलग-अलग फायदा होगा। एल-1 से लेकर एल-24 तक वेतनमान के हिसाब से अलग-अलग राशि बनती है। डीए बढ़ने से 500 से लेकर 4500 रुपए तक प्रति माह वेतन में बढ़ोतरी होगी। 6 लाख नॉन गजेटेड कर्मचारियों को 7000 रुपए दिवाली बोनस की तैयारी प्रदेश के करीब 6 लाख नॉन गजेटेड कर्मचारियों को एडहॉक बोनस के आदेश जारी करने की तैयारी चल रही है। बोनस से सरकार पर करीब 500 करोड़ का भार आएगा। बोनस का लाभ पे-मैट्रिक्स के पे लेवल एल-12 या ग्रेड पे-4800 और उससे कम वेतन वाले कर्मचारियों को ही मिलेगा। बोनस की गणना 7000 रुपए और 30 दिन के महीने के आधार पर की जाएगी। कर्मचारी को अधिकतम 7000 रुपए बोनस मिलेगा। राज्य कर्मचारियों के अलावा पंचायत समिति, जिला परिषद कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा।