राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े 14 मई को डूंगरपुर का दौरा करेंगे। वे सुबह 11:20 बजे पुलिस लाइन हेलिपैड पर उतरेंगे और सड़क मार्ग से बोरी स्थित गुरुकुल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन पहुंचेंगे। राज्यपाल यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत आयोजित महिला प्रशिक्षणार्थियों के कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे जनजाति क्षेत्र में कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित "आशीर्वाद समारोह" में भी शिरकत करेंगे। दोपहर 1:30 बजे राज्यपाल वापस रवाना होंगे। उनके मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी अभी प्रतीक्षित है। राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर देशलदान और जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने राज्यपाल के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, स्वागत कार्यक्रम, सेफ हाउस और बैठक व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। इससे पहले, कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित कर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई थी। इस बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेशचंद्र धाकड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमानसिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी सोनू कुमार गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।