श्रीगंगानगर में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। जैसलमेर में आंधी चली। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में एक और स्ट्रॉन्ग सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 4 अप्रैल तक अधिकांश इलाकों में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से बुधवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में दोपहर बाद बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इस सिस्टम का सबसे ज्यादा प्रभाव बीकानेर संभाग में रहा। जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने से धूप कमजोर रही। उधर, चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म रहा। श्रीगंगानगर के पदमपुर में मंडी में फसल भीगी श्रीगंगानगर शहर समेत ग्रामीण इलाकों में भी अचानक मौसम बदला। दोपहर करीब 3:30 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिले के पदमपुर और अनूपगढ़ में ओले गिरे। जैतसर में बारिश से मौसम बदल गया। पदमपुर सहित आस-पास के क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। पदमपुर की धानमंडी में खुले में पड़ी किसानों की जींस भीगने से किसानों में आक्रोश है। आक्रोशित किसान पदमपुर के कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय पहुंचे और धानमंडी में जगह के अभाव का आरोप लगाया। पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य में अधिकांश स्थानों पर आसमान साफ रहा। बुधवार दोपहर बाद श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर के क्षेत्रों में मौसम बदला। बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम हवा चली। हनुमानगढ़ के अलावा बीकानेर और श्रीगंगानगर के सीमावर्ती क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, नागौर के अलावा अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। इससे इन शहरों में दिन के समय धूप कमजोर रही, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। नया वेदर सिस्टम होगा एक्टिव मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- प्रदेश में 2 अप्रैल से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होगा। इस सिस्टम के शक्तिशाली रहने की उम्मीद है, जिसके कारण 3-4 अप्रैल को राजस्थान के अधिकांश जिलों में बादल छा सकते हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, फलोदी, अलवर, झुंझुनूं, टोंक, सवाई माधोपुर और दौसा के क्षेत्रों में हवा चलने के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। 5 अप्रैल से इस सिस्टम का असर खत्म होगा और प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…