राजस्थान में अब दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है। बुधवार को श्रीगंगानगर, चूरू समेत 10 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। इन शहरों में हीटवेव भी चली। फलोदी में रात का तापमान 29.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जयपुर सहित तीन शहरों में भी इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले एक सप्ताह में तापमान 44 डिग्री का लेवल पार कर सकता है। धूप ने झुलसाया, परेशानी बढ़ी पिछले 24 घंटे में राज्य के सभी शहरों का मौसम साफ रहा और तेज धूप रही। बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, फलोदी, जोधपुर, जैसलमेर समेत 10 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रिकॉर्ड हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी के एरिया दिन में हल्की हीटवेव भी चली। लू और धूप के कारण रेगिस्तानी जिलों में दिन में ही सड़कें सुनसान हो गईं। रात का तापमान भी 29 डिग्री के पार बुधवार को दिनभर गर्मी से पहले रात में भी कई शहरों में गर्मी तेज रही। फलोदी में सीजन की सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में इस सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इस कारण पश्चिमी जिलों में तेज गर्मी पड़ने के साथ कुछ शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उसके ऊपर जा सकता है।