राजस्थान में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार सुबह से ही तेज धूप ने प्रदेशवासियों को बेहाल कर दिया। आलम यह रहा कि दोपहर 12 बजते-बजते प्रदेश के अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में लू (हीटवेव) का प्रकोप और बढ़ सकता है। सामान्य दिनों की अपेक्षा सोमवार को जोधपुर में सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई। दोपहर होते-होते सड़कें सूनी हो गईं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार (आज) को जयपुर समेत 6 जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ बेल्ट में भी अगले कुछ दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है। गर्मी की ये 3 तस्वीरें देखिए… मैप पर देखिए- सबसे गर्म शहर अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले 3-4 दिन प्रदेश में तेज गर्मी रहने और हीटवेव का चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के प्रमुख शहरों में गर्मी का हाल जयपुर- दूसरे दिन पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर
राजधानी जयपुर में रविवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लगातार दूसरा दिन है, जब पारा 40 डिग्री से ऊपर चला गया। दिन में तेज गर्मी के साथ ग्रामीण इलाकों में हल्की हीटेवव भी चली। जयपुर में दिन के अलावा रात में भी कल तेज गर्मी रही। यहां का न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञाग ने सोमवार को जयपुर के तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना जताई है। जोधपुर- दोपहर 12 बजे पारा 38 के पार पहुंचा
सूर्यनगरी जोधपुर में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। दोपहर होते-होते शहर की व्यस्त सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो गई। लोग ठंडे पेय पदार्थों और तरबूज-खरबूजे के ठेलों पर भीड़ लगाए दिखे। पिछले कुछ दिनों से जोधपुर का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। आज भी आसमान साफ और तेज धूप है। दोपहर 12 बजे के करीब पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। कोटा- कोटा में तीखे हुए गर्मी के तेवर कोटा में बीते एक सप्ताह से गर्मी के तीखे तेवर बरकरार हैं। आज दिन में धूप में तेजी देखने को मिली। सुबह 11 बजे ही अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था। रविवार को दिन का तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अलवर- 4 दिन हीटवेव का अलर्ट
अलवर में रविवार को तेज धूप और हीटवेव के चलते गर्मी का असर साफ देखने को मिला। दिनभर चिलचिलाती धूप ने लोगों की मुश्किलें बढाईं। यहां मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तेज हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और बढ़ती तपिश के कारण लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। उदयपुर- धूप से बचने के लिए दुकानों पर पर्दे लगाए
उदयपुर शहर में गर्मी का असर बढ़ा हुआ है। सोमवार दोपहर 12 बजे तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रविवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज हुआ था, जबकि न्यूनतम 21.6 डिग्री रहा।
फतेहसागर झील किनारे मुंबई बाजार में धूप से बचने के लिए सभी दुकानों पर पर्दे लगाए गए हैं। अजमेर- सुबह से तेज धूप खिली
अजमेर में सोमवार सुबह से ही तेज धूप है। आज सुबह का न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री था। रविवार के मुकाबले तापमान में करीब 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
तेज धूप के चलते आनासागर झील रामप्रसाद घाट के पास लोकल वेंडर्स और आमजन गर्मी से बचाव करने के लिए छाता लेकर निकले। सीकर- न्यूनतम तापमान में 1.3 की बढ़ोतरी
सीकर में सोमवार को न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढोतरी के बाद 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, सूरज के तेवर तल्ख होते गए। तेज धूप से बचने के लिए लोगों ने दुपट्टा, छाता का सहारा लिया। रविवार को न्यूनतम तापमान 18.1 और अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया था।