बीकानेर में सोमवार से भीषण गर्मी और हीटवेव का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 13 और 14 मई को तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है तथा पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि तापमान के साथ उमस और गर्म हवाओं के कारण गर्मी का अहसास वास्तविक तापमान से भी अधिक हो सकता है। दोपहर के समय हालात सबसे ज्यादा गंभीर रहने की संभावना जताई गई है। बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा खतरा लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों के अनुसार तेज गर्मी में चक्कर आंना, उल्टी, सिरदर्द, कमजोरी, तेज बुखार और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। निजी स्कूलों ने छोटे बच्चों की छुट्टी की भीषण गर्मी को देखते हुए बीकानेर के कुछ निजी स्कूलों ने अपने स्तर पर नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छोटे बच्चों को तेज गर्मी से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। पुराने शहर के भीतर स्थित एक स्कूल संचालक ने ये कहते हुए छुट्‌टी कर दी है कि इतने तापमान में बच्चों को नहीं बुला सकते। अभिभावकों में भी लगातार बढ़ते तापमान को लेकर चिंता बनी हुई है। कई परिवार बच्चों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने से रोक रहे हैं। पशु-पक्षियों और फसलों पर भी असर तेज गर्मी का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं है। पशु-पक्षियों और फसलों पर भी इसका प्रभाव दिखाई देने लगा है। खुले क्षेत्रों में पानी की कमी और गर्म हवाओं के कारण पशु-पक्षियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान फसलों पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है। वहीं पशुपालकों को भी अपने पशुओं के लिए छाया और पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। दोपहर में खाली रहने लगी सड़कें बीकानेर में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम होने लगी है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।