जैसलमेर में बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ, जहां तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुबह 9 बजे के बाद तेज धूप और दोपहर तक बढ़ी गर्मी के कारण लोगों की गतिविधियां प्रभावित रहीं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहने से तापमान और बढ़ सकता है, जबकि 17-18 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना जताई गई है। बाड़मेर सबसे गर्म, जैसलमेर दूसरे स्थान पर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बाड़मेर 42.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि जैसलमेर लगातार दूसरे स्थान पर बना हुआ है। इससे पहले 13 अप्रैल को यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जिसे बुधवार को पार कर लिया गया। सुबह से तेज धूप, दोपहर में बढ़ी तपिश सुबह से ही सूरज के तेवर तेज रहे और 9 बजे के बाद धूप काफी तेज हो गई। दोपहर तक गर्मी और बढ़ने से सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। इस दौरान चली गर्म हवाओं का असर राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों पर साफ नजर आया। बाजार और पर्यटन स्थलों पर असर दोपहर के समय गर्मी बढ़ने के कारण शहर के बाजारों और पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई। वहीं ठंडे पेय पदार्थ जैसे गन्ने का रस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी की मांग बढ़ गई है। 42 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 17 और 18 अप्रैल को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है, इस दौरान तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रह सकता है। लू से बचाव के लिए सावधानी जरूरी डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग बिना जरूरी काम के दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच बाहर न निकलें। शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए लगातार तरल पदार्थ लेते रहें। बाहर जाते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें। कमजोरी या चक्कर आने पर तुरंत नजदीकी हेल्थ सेंटर से संपर्क करें।