झालावाड़ के झालरापाटन ब्लॉक स्थित गवर्नमेंट उच्च प्राथमिक स्कूल मुंडेरी में आरोग्य भारती की ओर से शाला स्वास्थ्य प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बच्चों को आगामी हीटवेव और लू से बचाव के ​टिप्स दिए गए। इस दौरान बताया गया कि मौसम विज्ञान विभाग ने 23 से 26 अप्रैल तक राजस्थान सहित कई राज्यों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है और तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लू के लक्षण पहचानना क्यों जरूरी स्पीक मेंके के जिला संयोजक सुरेंद्र जैन ने बच्चों को लू के प्रमुख लक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, त्वचा का गर्म और शुष्क होना, पसीना न आना, तेज नाड़ी, सांस की गति बढ़ना, कमजोरी, थकान, उल्टी या मतली, व्यवहार में बदलाव और पेशाब कम होना जैसे लक्षण लू के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई। बचाव ही सबसे बड़ा उपाय कार्यक्रम में लू से बचाव के आसान और प्रभावी उपाय भी बताए गए। बच्चों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी गई। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और चेहरा ढककर रखें तथा टोपी, गमछा, छाता और धूप के चश्मे का इस्तेमाल करें। क्या खाएं, क्या न खाएं विशेष रूप से खानपान पर जोर देते हुए नियमित अंतराल पर पानी पीने की सलाह दी गई। साथ ही ओआरएस घोल, नारियल पानी, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, आम का पन्ना, चावल का माड़, बेल का शरबत और सत्तू जैसे पेय पदार्थों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सफर के दौरान पानी साथ रखने की बात भी कही गई। हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने और गहरे रंग के कपड़ों से बचने की सलाह दी गई। भोजन में हल्का और सुपाच्य आहार लेने, तले-भुने और भारी भोजन से दूरी बनाने तथा तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल-सब्जियां खाने को कहा गया। साथ ही खाली पेट घर से बाहर न निकलने और कैफीन, चीनी या मादक पदार्थों से दूरी बनाने पर जोर दिया गया। आपात स्थिति में मदद की जानकारी लू की स्थिति में आपात सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम नंबर पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई, ताकि समय रहते उपचार मिल सके और गंभीर स्थिति से बचा जा सके। छात्र-छात्राओं का सम्मान कार्यक्रम के दौरान तीर्थंकर ऋषभदेव पखवाड़ा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। रिया मेरोठा, माही मेरोठा, चीकू और शिवानी को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर अध्यापिका ममता लोधा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।