राजस्थान में सोमवार को दिनभर भीषण गर्मी और लू की मार के बाद शाम को मौसम में बदलाव हुआ। तेज आंधी, बारिश के साथ ओले गिरे। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर में बारिश के साथ ओले गिरे। चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ समेत इनके आसपास के एरिया में घने बादल छाने के साथ धूलभर हवा चली और कहीं-कहीं देर शाम बारिश हुई। जयपुर में दोपहर में तेज धूप से लोगों को राहत देने के लिए वाटर फॉगर मशीन से पानी की फुहारें छोड़ी गई। जैसलमेर में सोमवार को अप्रैल महीने में सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड दर्ज हुआ। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड 18 अप्रैल 2025 में 46.3 डिग्री के साथ दर्ज हुआ था। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ के अलावा जयपुर और उसके आसपास के एरिया में दिन में लू चली। कई शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला गया। नागौर जिले में हीटवेव की चेतावनी के बाद 12वीं तक स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर दिया है। खैरथल-तिजारा जिले में 8वीं क्लास तक के बच्चों का समय सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक रहेगा। सलूंबर जिले में 8वीं क्लास तक के बच्चों का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में 28 अप्रैल को भी 11 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 2 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की तस्वीरें… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म… गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स… जैसलमेर में अप्रैल में सबसे ज्यादा तापमान का रिकॉर्ड
जैसलमेर में सोमवार को गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां 46.4 डिग्री तापमान के साथ अप्रैल महीने का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले 18 अप्रैल 2025 को 46.3 डिग्री के साथ अप्रैल महीने का सर्वाधिक तापमान दर्ज हुआ था। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, कोटा और वनस्थली (टोंक) में 45.7 डिग्री, फलोदी में 45.4 डिग्री, चूरू में 45.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 45.4 डिग्री और बीकानेर-पिलानी में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इन जिलों में 42 डिग्री से ऊपर रहा पारा
जोधपुर, श्री गंगानगर और सिरोही में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री, फतेहपुर, लूणकरणसर में 44 डिग्री, दौसा में 43.3 डिग्री, भीलवाड़ा में 43 डिग्री, अजमेर में 42.5 डिग्री, अलवर में 42.6 डिग्री, सीकर-उदयपुर में 42 डिग्री और करौली में 42.9 डिग्री दर्ज हुआ। दोपहर में बारिश-ओले गिरे, देर शाम कई जगह आंधी
श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ के एरिया में सुबह तेज धूप रही। दोपहर बाद यहां मौसम में बदलाव हुआ और घने बादल छाए। दोनों जिलों के कई इलाकों में तूफानी बारिश के साथ ओले गिरे। हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, अलवर के एरिया में भी शाम को मौसम बदला। यहां घने बादल छाने के बाद धूलभरी हवा चली और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अब आगे क्या?
राज्य में 28 अप्रैल को 11 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं 2 जिलों में हीटवेव का असर रहने की आशंका है। इसके अलावा 29 अप्रैल को 13 जिलों, 30 अप्रैल को 11 जिलों और 1 मई को भी 11 जिलों में बारिश की संभावना है। राजस्थान में मौसम की 2 तस्वीरें… 1. अब भी डिमांड में भी घड़ा 2. साफ आसमान में दिखा अद्भुत नजारा अब देखिए अगले कुछ दिनों में कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के प्रमुख शहरों का हाल जयपुर में पारा 43 डिग्री के पार, शाम को आंधी चली
जयपुर में सोमवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री दर्ज हुआ। तेज गर्मी के साथ जयपुर में दिन में लू चली। दिनभर गर्मी के बाद शाम करीब 5 बजे मौसम में बदलाव आया। बादल छाने के साथ कई इलाकों में धूलभरी हवा चली और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विशेषज्ञों ने जयपुर में मंगलवार को आंधी-बारिश का होने का येलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर में दिनभर गर्मी का असर रहा
अजमेर में सोमवार सुबह से गर्मी का असर बना रहा। तेज धूप के बीच हल्की ठंडी हवा चली। लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के कारण दिनभर गर्मी रही। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम 28.1 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम 42.0 और न्यूनतम 27.0 डिग्री था। सीकर में दिन में गर्मी, शाम को बारिश हुई
सीकर में सोमवार शाम को मौसम में बदलाव हुआ है। शाम करीब सवा 5 बजे बादलों की गर्जना शुरू हुई। इसके बाद धूल भरी तेज हवा शुरू हो गई। तेज हवा के साथ कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी शुरू हुई है। इससे पहले दिन में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। कोटा में गर्मी ने 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
कोटा में सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री पहुंच गया। इसने पिछले 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं, न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर में झुलसा देने वाली तेज धूप के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। अलवर में सुबह से बादल छाए, शाम को बारिश हुई
अलवर में सोमवार को दिन का तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। जिले में सोमवार को सुबह से ही कुछ इलाकों में बादल छाए रहे। शाम करीब 7 बजे आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। उदयपुर में न्यूनतम तापमान बढ़ा
उदयपुर में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। 26 और 27 अप्रैल दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के समय तेज गर्मी में कोई राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली। 26 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री था, जो 27 अप्रैल को बढ़कर 25.8 डिग्री हो गया। रात के तापमान में हल्की बढ़त दर्ज हुई है। इससे रातें भी थोड़ी गर्म महसूस हो रही है। जोधपुर में पारा 44.3 डिग्री दर्ज हुआ
जोधपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री रहा। यहां दिनभर मौसम साफ रहा और तेज धूप रही। तेज गर्मी की वजह से दिन में 12 बजे से शाम 4 बजे तक प्रमुख सड़कें ओर बाजार सुने नजर आए।