जालोर जिले में मौसम ने पिछले कुछ दिनों की राहत के बाद अब तेज गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार सुबह से ही तीखी धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए, जिससे जनजीवन प्रभावित नजर आया। सबसे बड़ा बदलाव रात के तापमान में देखने को मिला है, जहां न्यूनतम तापमान में 5.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं के थपेड़ों ने हालात और ज्यादा खराब कर दिए। भीषण गर्मी के चलते सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्मी से बचने के लिए लोग चेहरे और शरीर को कपड़ों से ढंककर बाहर निकलते दिखाई दिए। जिले में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच गया है। 10 और 11 मई को हीटवेव का खतरा मौसम विभाग ने जिले में 10 और 11 मई को हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले दो दिन मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन सप्ताह के अंत में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि दिन का तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का पारा भी 30 डिग्री के पार जा सकता है। बूंदाबांदी के बाद फिर लौटी भीषण गर्मी मंगलवार को जिले में हुई हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही से लोगों को कुछ राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह बदल चुका है। शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप ने आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के संकेत दे दिए हैं। लगातार बढ़ते तापमान और लू के असर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।