बीकानेर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मंगलवार दोपहर बारिश के साथ ओले गिरे। अलवर और भरतपुर में बरसात हुई, आंधी भी चली। भरतपुर के हलैना थाना इलाके में आंधी के कारण ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इसके नीचे 4 मजदूर दब गए। इनमें से एक मजदूर की मौत हो गई। बाड़मेर शहर के पुराने पावर हाउस में गर्मी के कारण स्क्रैप में आग लग गई। यहां ट्रांसफॉर्मर ऑयल के ड्रम भी थे, जिससे आग भड़क गई। इससे पहले, बाड़मेर में सोमवार (11 मई) को दिन का तापमान 47.3 डिग्री तक पहुंच गया। ये इस सीजन का अब तक सबसे ज्यादा टेम्प्रेचर है। मौसम केंद्र के अनुसार देश में बाड़मेर सबसे गर्म शहर रहा। राजस्थान में सोमवार को मौसम के 2 अलग रूप देखने को मिले। पश्चिमी राजस्थान में जहां लोगों को 47 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी के साथ हीटवेव (लू) की मार झेलनी पड़ी। वहीं, उत्तरी राजस्थान के लोगों को बारिश और ओलावृष्टि से राहत मिली। आने वाले दिनों में भी भीषण गर्मी के साथ आंधी-बारिश का दौर भी जारी रहेगा। राजस्थान के मौसम से जुड़ी 3 PHOTOS… ये शहर सबसे गर्म मौसम से जुड़े बड़े अपडेट्स बाड़मेर में गर्मी से स्क्रैप में लगी आग: बाड़मेर शहर के पुराने पावर हाउस में गर्मी के कारण स्क्रैप में आग लग गई। यहां ट्रांसफॉर्मर ऑयल के ड्रम भी थे, जिससे आग भड़क गई। लपटें एईएन ऑफिस से सटे दो घरों तक पहुंच गई। ऐसे में घरों में रखे सिलेंडर बाहर निकाले गए। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे: कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बानसूर क्षेत्र के हरसौरा में मंगलवार दोपहर 2 बजे मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश हुई। हरसौरा के कई क्षेत्रों में 10 मिनट तक ओले गिरे। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरे। बाड़मेर सबसे गर्म, हीटवेव ने झुलसाया: पिछले 24 घंटे में उत्तरी हिस्से को छोड़कर शेष राज्य में मौसम साफ रहा। बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर, जोधपुर, जालोर में जबरदस्त गर्मी रही। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सीजन का सर्वाधिक तापमान रहा। जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़ में भी पारा 44 डिग्री से ऊपर ही रहा। इन जिलों में हीटवेव का भी असर बढ़ रहा है। पाकिस्तान से आ रही गर्म हवा ने बढ़ाई गर्मी: जैसलमेर और बाड़मेर में सोमवार को सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ। एक्सपर्ट के अनुसार यहां टेम्प्रेचर बढ़ने का सबसे बड़ा कारण है पाकिस्तान से आ रही गर्म हवा। ये हवा बिना किसी रुकावट में थार में एंट्री कर रही है, इस कारण हीटवेव चल रही है। आगे कैसा रहेगा मौसम… अब जानिए अपने शहर के मौसम का हाल…
जयपुर: राजधानी में सोमवार को दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिनभर खिली तेज धूप के कारण यहां अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान बढ़ने के साथ ही जयपुर में हल्की उमस रहने से लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर में आज आंधी और बारिश का यलो अलर्ट है। उदयपुर: लेकसिटी में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। यहां रात में भी गर्म हवा चल रही है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। कोटा: यहां रात का तापमान दो डिग्री तक बढ़ गया। तेज धूप के चलते लोग परेशान रहे। दोपहर में गर्म हवा चली। सोमवार को अधिकतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 42.7 डिग्री व न्यूनतम 27. 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने मंगलवार क़ो हीटवेट का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर:शहर में उमस और गर्म हवा के कारण सोमवार दोपहर को सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 42.1 और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया है। रविवार के मुकाबले 1 डिग्री तापमान बढ़ा है। जोधपुर: ब्लूसिटी सोमवार को मौसम के तेवर बदले हुए नजर आए। तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। दिन के समय तापमान 45 डिग्री तक दर्ज किया गया। धूप और गर्मी की वजह से लोग भी काफी परेशान नजर आए। इससे पहले रविवार को जोधपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया था। अलवर: अलवर शहर में मंगलवार दोपहर आंधी चली। इसके बाद अलवर शहर के आसपास के हिस्सों में बारिश हुई। रामगढ़ में भी करीब 30 मिनट तक बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। दिन में तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा। भरतपुर: हलैना थाना क्षेत्र में आंधी से एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। हादसे में 4 मजदूर दब गए, जिनमें से एक की मौत हो गई। हलैना थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना धरसौनी गांव की है। 4 मजदूर खेत में पड़े भूसे को ट्रैक्टर ट्रॉली में भर रहे थे। तभी अचानक आंधी आ गई। मजदूर बचने के लिए ट्रैक्टर के साइड में बैठ गए। आंधी से ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई और चारों दब गए। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली को सीधा कर चारों को निकाला। घटना में अजीत (24) निवासी धरसौनी की मौत हो गई। मंगलवार शाम 5 बजे आंधी चलने के बाद बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर: मई महीने के पहले सप्ताह में फिर से तापमान बढ़ने लगा है। दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। सीकर जिले में फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया।