राजस्थान में मई का पहला सप्ताह गर्मी से राहत भरा रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने दो दिन 7 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, केंद्र ने 8 मई से हीटवेव की भी चेतावनी दी है। जयपुर सहित कई जिलों में आज तेज धूप है और मौसम साफ है। ज्यादा गर्मी के कारण जयपुर के पुराने शहर की सड़कों पर पानी का भी छिड़काव किया गया। वहीं, बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… ये शहर सबसे गर्म रहे गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स… कैसे रहे 24 घंटे: राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम साफ रहा और दिन में धूप रही। हालांकि हल्की हवा चलने और वातावरण नमी होने से बीकानेर, चूरू, गंगानगर, फलोदी, जोधपुर, जैसलमेर समेत अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई। दोपहर बाद आंधी-बारिश: दोपहर बाद कई जिलों में मौसम बदला। बाड़मेर, पाली, उदयपुर, राजसमंद, सिरोही और भीलवाड़ा के एरिया में दिन में घने बादल छाए और कई इलाकों में तेज आंधी चलने के साथ बारिश हुई। पाली के सुमेरपुर, बाड़मेर के समदड़ी में तूफानी बारिश हुई। उदयपुर में भी शाम को हल्की बारिश हुई। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में 9 मई तक पूर्वी हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का हल्का असर रहेगा। इस दौरान भरतपुर संभाग के एरिया में दोपहर बाद हल्के बादल छाने के साथ कुछ जगहों पर आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। फिर बढ़ेगी गर्मी: 9 मई से राज्य के पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर तेज होगा और तापमान कुछ जिलों में 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी के आसपास के एरिया में हीटवेव चलने की संभावना है। राजस्थान के बड़े शहरों के मौसम का हाल जयपुर में पारा चढ़ा, लेकिन गर्मी से राहत जयपुर में मंगलवार दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। हालांकि दिन में हल्की हवा चलने से गर्मी कम रही। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उदयपुर में हुई बारिश उदयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.1 से. और न्यूनतम तापमान 20.4 से. रहा। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस. देवड़ा के अनुसार मेवाड़ सहित दक्षिणी राजस्थान मे आने वाले दिनों में बारिश-ओले गिरने की संभावना है। सीकर में अब बढ़ने लगेगा तापमान सीकर में सोमवार रात हुई बारिश के बाद मंगलवार दिनभर मौसम सामान्य रहा। तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट हुई है। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री था। आज से गर्मी बढ़ने की आशंका है। जोधपुर में तेज धूप निकली जोधपुर शहर में मंगलवार दोपहर तक मौसम साफ रहा। इससे पहले सोमवार रात को तेज बारिश हुई थी। मौसम में हो रहे इस अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दो दिन में पारे में करीब 6 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। कोटा में गिरा पारा कोटा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार के मुकाबले दिन का तापमान 2 डिग्री व रात का तापमान 5 डिग्री गिरा। तापमान गिरने ने लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, दोपहर तीन बजे बाद तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। अजमेर में पारा गिरा, गर्मी से राहत अजमेर सहित जिले भर में बरसात व तेज हवा के कारण तापमान में गिरावट हुई है। अधिकतम तापमान बीते दिनों 42 डिग्री तक पहुंच गया था। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री था। बुधवार सुबह साढे़ पांच बजे 23 डिग्री व सुबह साढे़ आठ बजे 23.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सुबह से मौसम साफ है और धूप खिली है। मौसम विभाग के अनुसार- आने वाले दो तीन दिनों तक आंधी व बारिश की सम्भावना है। अलवर में बारिश के कारण गर्मी से राहत अलवर में सुबह से मौसम सामान्य रहा। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले सोमवार देर रात हुई बारिश के कारण गर्मी से राहत रही। अगले दो दिन भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है।