राजस्थान में आंधी-बारिश के बीच भी गर्मी बढ़ती जा रही है। रविवार को बाड़मेर में सीजन का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज हुआ। यहां पारा 46 डिग्री के पार चला गया। पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, चूरू में भी पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम को पश्चिमी और मध्य राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव हुआ। घने बादल छाए और आंधी चली। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राजस्थान में रविवार को सुबह से दोपहर तक आसमान साफ रहा। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, नागौर, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ में दोपहर में हीटवेव का असर रहा। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को राज्य के 5 जिलों में आंधी-बारिश की गतिविधियां होने का येलो अलर्ट जारी किया है। 27 अप्रैल को दिन के साथ रात में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी के चलते सीकर, जालोर, कोटपूतली-बहरोड़, टोंक, सवाई माधोपुर और भीलवाड़ा में 27 अप्रैल से 8वीं क्लास तक के बच्चों के टाइम में भी बदलाव किया गया है। राजस्थान में गर्मी की 2 विशेष तस्वीरें… 1. अप्रैल में सालों बाद इतने फ्लेमिंगो 2. थार की गर्मी में प्यास बुझा रहे मोर ये शहर सबसे ज्यादा गर्म… गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स… सभी शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर: राजस्थान के सभी शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। बाड़मेर में पारा 46.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। जैसलमेर में पारा 46 डिग्री दर्ज हुआ। कोटा, चित्तौड़गढ़, फलोदी, पिलानी, जोधपुर, बीकानेर और चूरू में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच दर्ज हुआ। सबसे गर्म दिन और रात: भीषण गर्मी के साथ ही कुछ इलाकों में रविवार को उमस भी रही। जयपुर में शनिवार को सबसे गर्म रात रही। रविवार को सबसे गर्म दिन बाड़मेर में रहा। यहां पारा 46.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इन जिलों में बदला मौसम: रविवार को दिनभर तेज धूप, गर्मी के बाद शाम करीब 4 बजे बाद जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, भोपालगढ़ (जोधपुर) के आसपास बादल छाए और कुछ स्थानों पर धूलभर हवा चलने के साथ हल्की बारिश हुई। 6 और जिलों में टाइम बदला: सीकर और जालोर में 8वीं क्लास तक के बच्चों का टाइम बदला है। जिला कलेक्टर के आदेशानुसार सोमवार से इन बच्चों के लिए स्कूल टाइमिंग सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक रहेगी। भीलवाड़ा में भी सोमवार से सुबह 7:30 से 11:30 तक 8वीं क्लास के लिए टाइमिंग रहेगी। कोटपूतली-बहरोड़, टोंक और सवाई माधोपुर जिले में 8वीं क्लास तक के लिए टाइमिंग सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक रहेगी। इससे पहले जयपुर, अजमेर सहित 9 जिलों में भी स्कूल टाइम में बदलाव किया था। सांभर लेक में फ्लेमिंगो रुके : जयपुर जिले की सांभर लेक में हर साल मार्च के बाद जल स्तर घटने लगता है, जिसके कारण फ्लेमिंगो का बड़ा झुंड प्रवास कर जाता है। केवल 5-8 हजार फ्लेमिंगो ही रह जाते हैं, जो जून तक शहर के बैकवाटर क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के साथ जीवित रहते हैं। इस साल स्थिति अलग है। अच्छी बारिश से झील में जल स्तर पर्याप्त है। यही कारण है कि इस बार लाखों की संख्या में फ्लेमिंगो अब भी यहां रुके हुए हैं। अब आगे क्या राजस्थान के प्रमुख शहरों का हाल जयपुर में हीटवेव चली, पारा 42 डिग्री के पार
जयपुर में रविवार दिनभर आसमान साफ रहा और हीटवेव चली। जयपुर में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज हुआ। तेज गर्मी और हीटवेव का असर सड़कों पर दिखा, जो सुबह से देर शाम तक सूनी दिखाई दी। मौसम विभाग ने जयपुर में भी दिन में हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। कोटा में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा
कोटा में रविवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यहां तापमान 45.2 डिग्री पहुंच गया। दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा छा गया। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने शहर में 11 अस्थाई आश्रय स्थल शुरू किए हैं, जहां कूलर और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। अलवर में हीटवेव की संभावना
अलवर में गर्मी तेज हो गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री रहा। इसका असर सड़कों पर भी दिखा। तेज धूप और गर्म हवा से बचने के लिए लोग सिर पर तौलिया या कपड़ा डालकर घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक हीटवेव रहने की संभावना है। सीकर में धूप से बचने के लिए टेंट लगाए
सीकर में रविवार का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा। तापमान में 2 डिग्री की गिरावट रही। हालांकि पूरे दिन धूप तेज रही। सीकर में लोगों को धूप से बचाने के लिए ग्रीन टेंट से पूरी सड़क को कवर किया गया है। अजमेर में बादल छाए
अजमेर में रविवार को दोपहर ढाई बजे तापमान 41.4 डिग्री तक पहुंचा। दिनभर तेज धूप रही। दोपहर करीब तीन बजे बादल छाए और तापमान में गिरावट शुरू हुई। शाम साढे़ पांच बजे तापमान 39.2 डिग्री रहा। रविवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर में पारा 45 डिग्री के पास पहुंचा
जोधपुर में रविवार को पारा 45 डिग्री के पास पहुंच गया। यहां दिन का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री रहा। इससे पहले शनिवार को जोधपुर का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री था। वहीं, जोधपुर जिले को भोपालगढ़ में तेज बारिश हुई। उदयपुर में पारा 42 डिग्री पर पहुंचा
उदयपुर में तेज गर्मी का असर जारी है। रविवार को भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान करीब डेढ़ डिग्री बढ़कर 25.5 डिग्री दर्ज हुआ। शनिवार को भी उदयपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम एक्सपर्ट आरएस देवड़ा की माने अगले 2 से 3 दिनों में मेवाड़ में बारिश हो सकती है। दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक तेज धूप और गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित रहा।