रेगिस्तानी बाड़मेर में सोमवार को भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। आसमान से मानो आग बरस रही है और तेज गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग झुलसते नजर आए। बाड़मेर सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां तापमान 46.6 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। रविवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 32.3 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने बाड़मेर सहित पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में 15 मई तक हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। मई की शुरुआत से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शहर और ग्रामीण इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई, लेकिन पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। बीते तीन दिनों में दिन के तापमान में 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालात यह हैं कि सुबह 10 बजे के बाद ही तेज गर्मी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। आमजन के साथ-साथ पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी से परेशान हैं। अब रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही और लू का असर देर रात तक महसूस किया जा रहा है। इसी वजह से रात का तापमान भी 30 डिग्री के पार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। ऐसे में 15 मई तक बाड़मेर में गर्मी और लू का यही दौर जारी रहने के आसार हैं। पांच दिनों में दिन का तापमान 2.4 डिग्री बढ़ा