सीकर में अाज शाम पौने 5 बजे तेज सूंटे के साथ बारिश आई। जिला मुख्यालय पर तेज हवाओं के साथ करीब 20-22 मिनट तक पानी बरसा। सूंटे की वजह से सीकर में बांड्याबास और 2 नंबर डिस्पेंसरी के पास रोड पर पेड़ व बिजली के पोल गिरने से रास्ता अवरूद्ध हो गया। सालासर रोड और नवलगढ़ रोड पर कई जगह पानी भर गया। पलसाना में एक घर के बाहर खड़ी बाइक पर पेड़ गिर गया। पिछले 5 दिन से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को आज एकबारगी गर्मी से राहत मिली। इससे पहले आज सुबह से सीकर में बादलों की आवाजाही बनी रही। तेज हवा के साथ हुई बारिश के दौरान बादलों की जोरदार गर्जना हुई और तेज बिजली कड़की। बारिश होने के बाद मौसम सामान्य हो गया। अगले 2 दिन मौसम में बदलाव होगा। बात करें सीकर के तापमान की तो सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर आज बादलवाही के बीच दिन का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि इससे पहले मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया था। तापमान में अगले 2 दिन फिर बदलाव होगा। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार- सीकर समेत शेखावाटी इलाके में तेज गर्मी और उमस के बाद आज तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अब अगले 2 दिन गर्मी से मामूली राहत मिलेगी, लेकिन इस दौरान उमस में तेजी रहेगी। 16 मई से फिर पारे में बढ़ोतरी होगी। सीकर में इस महीने के अंतिम सप्ताह में नौतपा रहेगा। उससे पहले भी तेज गर्मी का दौर बना रहेगा।