राजस्थान हाईकोर्ट ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। लंबे विवाद के बीच हाईकोर्ट ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने होम सेक्रेटरी (IAS) भास्कर ए. सावंत को RCA का इंचार्ज नियुक्त किया है। मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस.पी. शर्मा की खंडपीठ ने की। इधर, एडहॉक कमेटी को सस्पेंड किए जाने के बाद 6 जुलाई से शुरू होने वाला अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट स्थगित कर दिया है। राजीव प्रताप सिंह की ओर से दायर जनहित याचिका (PIL) पर कोर्ट ने बुधवार को सुनवाई की। याचिका में आरोप लगाया गया था कि RCA की एडहॉक कमेटी का गठन 29 जून 2024 को केवल अंतरिम व्यवस्था के तौर पर किया गया था। उसे 3 महीने के भीतर चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि निर्धारित समय में चुनाव नहीं कराए गए। इसकी बजाय बार-बार कमेटी का कार्यकाल बढ़ाया जाता रहा, जिससे RCA में निर्वाचित कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका। इसे कोर्ट के पूर्व आदेशों और प्रशासनिक प्रक्रिया की भावना के विपरीत बताया गया। सहकारिता रजिस्ट्रार से भी जवाब-तलब सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सहकारिता रजिस्ट्रार से भी जवाब-तलब किया। कोर्ट ने पूछा कि आखिर उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों नहीं की जाए, क्योंकि समय-सीमा के बावजूद चुनाव नहीं कराए गए और एडहॉक व्यवस्था लगातार जारी रखी गई। RCA के प्रशासनिक कार्यों को संभालेंगे सावंत हाईकोर्ट ने अंतरिम व्यवस्था के तहत भास्कर ए. सांवत को RCA का इंचार्ज नियुक्त किया है। अब उनसे RCA के प्रशासनिक कार्यों को संभालने और प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाने की अपेक्षा की गई है। हाईकोर्ट के इस फैसले को एसोसिएशन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से एडहॉक कमेटी के कार्यकाल और चुनाव में हो रही देरी को लेकर सवाल उठ रहे थे। माना जा रहा है कि अब एसोसिएशन में जल्द नियमित चुनाव की प्रक्रिया तेज होगी। RCA का चुनावी शेड्यूल जारी करने के निर्देश याचिकाकर्ता राजीव प्रताप के वकील पीयूष नाग ने बताया कि एडहॉक कमेटी का कार्यकाल सिर्फ 3 महीने का होना चाहिए था। लेकिन ढाई साल से यह कमेटी काम कर रही थी। ऐसे में कोर्ट ने कमेटी को भंग करते हुए IAS भास्कर ए सावंत को प्रशासक के तौर पर RCA में नियुक्त किया है। उन्हें RCA का चुनावी शेड्यूल जारी करने के लिए भी कहा गया है। जो उन्हें जुलाई के आखिरी सप्ताह तक कोर्ट में सबमिट करना है। इससे लंबित चुनाव को तुरंत करवाया जा सके।
कोर्ट ने सहकारिता विभाग की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई है। कोर्ट ने सहकारिता विभाग के सेक्रेटरी को नोटिस जारी करके पूछा है कि उनके खिलाफ कोर्ट की अवमानना का नोटिस क्यों न जारी किया जाए। आखिर किस वजह से 3 महीने की एडहॉक कमेटी को पिछले ढाई साल से लगातार एक्सटेंशन दिए जा रहे थे। अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट स्थगित
एडहॉक कमेटी को सस्पेंड किए जाने के बाद 6 जुलाई से शुरू होने वाला अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट स्थगित कर दिया है। हालांकि RCA ऑफिशल्स की ओर से बारिश का हवाला देकर टूर्नामेंट को स्थगित करने की बात कही गई है। लेकिन हकीकत में टूर्नामेंट को स्थगित करने का कारण मौजूदा विवाद है। इसके बाद अब इस सीजन के सभी टूर्नामेंट को री-शेड्यूल होने की संभावना बढ़ गई है। 27 जून को ही बढ़ाया था तीन महीने कार्यकाल
27 जून को एडहॉक कमेटी का कार्यकाल फिर तीन महीने के लिए बढ़ाया था। RCA की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल लगातार 10वीं बार बढ़ाया था। सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने एडहॉक कमेटी का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाने के आदेश जारी किए थे। पूरी खबर पढ़ें… एडहॉक कमेटी में मंत्री, सांसद और विधायक के बेटे
एडहॉक कमेटी में मोहित यादव को कन्वीनर बना रखा था। उनके साथ धनंजय सिंह, आशीष तिवाड़ी, सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल सदस्य के रूप में काम कर रहे थे। इनके साथ ही डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन भी कमेटी में सदस्य थे। मोहित यादव भाजपा विधायक जसवंत यादव, धनंजय सिंह स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी भाजपा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, अर्जुन बेनीवाल भादरा विधायक संजीव बेनीवाल के बेटे हैं। अरिष्ट सिंघवी पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पौत्र हैं। भाजपा सरकार बनने के बाद वैभव गहलोत ने दिया था इस्तीफा
बीजेपी सरकार बनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने RCA अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद धनंजय सिंह खींवसर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। सरकार ने 28 मार्च 2024 को RCA की कार्यकारिणी के चुनाव कराने के उद्देश्य से तीन महीने के लिए एडहॉक कमेटी का गठन किया था। हालांकि तय समय सीमा में चुनाव नहीं हो सके। इसके बाद 29 जून 2024, 28 सितंबर 2024, 26 दिसंबर 2024, 27 मार्च 2025, 27 जून 2025, 26 सितंबर 2025, 26 दिसंबर 2025 और 28 मार्च 2026 को भी कमेटी का कार्यकाल तीन-तीन महीने के लिए बढ़ाया जाता रहा। इसके बाद 26 जून को कार्यकाल फिर से 3 महीने के लिए बढ़ाया गया था। ------ ये खबरें भी पढ़िए… राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में गहराया सियासी विवाद, एडहॉक कमेटी के 4 सदस्यों ने कन्वीनर दीनदयाल को हटाने और नए संयोजक की उठाई मांग राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) में चल रहा सीआरसी विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने के बाद अब सरकार की ओर से गठित एडहॉक कमेटी के सदस्यों ने ही मौजूदा कन्वीनर दीनदयाल कुमावत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पढ़ें पूरी खबर...