राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ ने पत्नी की हत्या के एक महत्वपूर्ण मामले में ट्रायल कोर्ट के फैसले में बड़ा बदलाव करते हुए एक ऐतिहासिक और रिपोर्टेबल आदेश दिया है। जस्टिस फरजंद अली और जस्टिस संदीप शाह की खंडपीठ ने साफ कहा कि अचानक हुए झगड़े में बिना किसी पहले से बने इरादे के किया गया हमला हत्या की श्रेणी में नहीं आता। कोर्ट ने दोनों अपीलों पर अंतिम फैसला सुनाते हुए आरोपी पिंटू उर्फ प्रवीण सिंह की दोषसिद्धि को आईपीसी की धारा 304 भाग-I से बदलकर धारा 304 भाग-II कर दिया और उसे 7 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। ये है मामला 23 जुलाई 2005 को परिवादी उम्मेद सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी किरण, जिसकी 8-9 साल पहले पिंटू उर्फ प्रवीण सिंह से शादी हुई थी और जिसके दो नाबालिग बच्चे थे, ससुराल में गंभीर रूप से घायल और बेहोश हालत में मिली। पूछताछ पर एक नाबालिग बच्चे ने बताया कि आरोपी ने किरण के सिर पर फावड़े से वार किया था। शुरू में केस धारा 307 के तहत दर्ज हुआ, लेकिन किरण की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर इसे धारा 302 में बदल दिया गया। ट्रायल कोर्ट का फैसला अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक), प्रतापगढ़ ने इस केस में 8 मार्च 2007 को फैसला सुनाया। ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को धारा 302 (हत्या) और धारा 498-ए (क्रूरता) के आरोपों से बरी कर दिया, लेकिन धारा 304 भाग-I (मारने के इरादे से की गई गैर-इरादतन हत्या) के तहत दोषी ठहराया। इस फैसले के खिलाफ राज्य सरकार और आरोपी ने हाईकोर्ट में अलग-अलग अपील दायर की थी। वकीलों के तर्क: हत्या और दहेज प्रताड़ना पर बहस राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेश भाटी ने कहा कि ट्रायल कोर्ट का फैसला आंशिक रूप से गलत है। आरोपी को धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी माना जाना चाहिए। इसके अलावा सभी आरोपियों को धारा 498-A (क्रूरता) के तहत भी सजा दी जानी चाहिए। दूसरी ओर, आरोपी के वकील ने पूरे फैसले को रद्द करने की मांग की और पूर्ण बरी होने की दलील दी। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी वर्तमान में अपने बच्चों की अच्छी देखभाल कर रहा है। कोर्ट का विश्लेषण: हत्या और ज्ञान के बीच कानूनी अंतर दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने पत्रावली का बारीकी से अध्ययन किया और पाया कि यह पूरी घटना पति-पत्नी के बीच एक सामान्य और अचानक हुए विवाद का परिणाम थी। कोर्ट ने माना कि यह कृत्य पूर्व नियोजित नहीं था और न ही आरोपी कोई हथियार लेकर आया था। उसने मौके पर पड़े फावड़े से केवल एक ही वार किया और उसके बाद भी उसने अपनी हावी होने की स्थिति का फायदा उठाते हुए कोई दूसरा वार नहीं किया। कोर्ट ने दंड विधान की व्याख्या करते हुए कहा कि हत्या के लिए 'इरादा' होना बेहद जरूरी है, जो इस मामले में मौजूद नहीं था। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सिर जैसे नाजुक अंग पर फावड़े जैसे भारी हथियार से वार करने पर किसी भी समझदार व्यक्ति को इस बात का स्पष्ट 'ज्ञान' होता है कि इससे मौत होने की प्रबल संभावना है। कोर्ट ने 'मौत हो सकती है' और 'मौत होने की संभावना' के बीच का अंतर स्पष्ट करते हुए इसे धारा 304 पार्ट-II के अंतर्गत ‘मारने के इरादे के बिना गैर-इरादतन हत्या’ का मामला माना। धारा 498-A के तहत क्रूरता पर कोर्ट ने माना कि यह एक ही दिन की घटना थी और निरंतर उत्पीड़न का कोई ठोस साक्ष्य नहीं था, इसलिए ट्रायल कोर्ट द्वारा इस धारा में बरी करने का फैसला बिल्कुल सही था। अंतिम निर्देश: सजा के सिद्धांत और सुधारात्मक दृष्टिकोण सजा तय करते समय जस्टिस फरजंद अली की पीठ ने न्यायशास्त्र के निवारक, प्रतिशोधात्मक, निरोधात्मक और सुधारात्मक सिद्धांतों का विस्तृत विश्लेषण किया। कोर्ट ने माना कि न्याय केवल पीड़ित के लिए ही नहीं, बल्कि समाज और आरोपी के सुधार के लिए भी होना चाहिए। कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों ने अपनी माँ को पहले ही खो दिया है और यदि पिता को लंबी जेल होती है, तो वे पैतृक प्रेम और सुरक्षा से भी वंचित हो जाएंगे। इन मानवीय और कानूनी पहलुओं का संतुलन बनाते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की अपील को खारिज कर दिया और आरोपी की अपील को आंशिक रूप से मंजूर करते हुए 7 साल के कठोर कारावास का आदेश पारित किया।