जीणमाता थाना इलाके में विदेश में नौकरी के नाम पर 2 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। एजेंट ने विदेश नहीं भेजा और अब रुपए लौटाने से भी मना कर दिया। मांडोता गांव निवासी गोपालराम बुरड़क ने जीणमाता पुलिस थाने में शिकायत देकर बताया कि वह 2023 में बेरोजगार था। इसी दौरान उसकी मुलाकात झुंझुनू के रहने वाले कैलाश मीणा से हुई। जिसने गोपालराम को कहा कि वह लोगों को विदेश में नौकरी दिलवाने का काम करता है। कैलाश ने गोपालराम को कहा कि वह उसे इटली में अच्छी पैकेज की नौकरी दिलवा देगा। गोपालराम फिर कैलाश की बातों में आ गया। उसने कैलाश को 2 लाख रुपए दे दिए। कैलाश ने कहा कि वह 2 महीने के अंदर-अंदर उसे विदेश भेज देगा। लेकिन दो महीने में विदेश नहीं भेजा। इसके बाद गोपालराम ने कैलाश से मुलाकात की। तब कैलाश ने थोड़ा समय और मांगा। इसके बाद गोपालराम ने एक बार फिर कैलाश से मुलाकात की तो कैलाश ने कहा कि वह उसके रुपए ब्याज सहित लौटा देगा। इसके बाद कैलाश कभी गोपालराम को नहीं मिला। जब गोपालराम ने 23 अप्रैल को फोन किया तो उसने फोन भी नहीं उठाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।