इटली में नौकरी दिलवाने के नाम पर एक युवक से सीकर में 4 लाख 7 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने वेयरहाउस मैनेजर की पोस्ट के लिए डेढ़ लाख रुपए वेतन देने का लालच दिया था। इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़ित को फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर भी भेजा। फिलहाल सदर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। मामला सीकर के सदर थाना इलाके का है, जहां सीकर निवासी पंकज ने थाने में शिकायत देकर बताया कि साल 2023 से 2024 के बीच सरदारशहर निवासी शंकरलाल जाट ने सीकर की प्राइवेट स्कूल में इंग्लिश टीचर के रूप में नौकरी की थी। इसलिए पंकज की पहचान उससे हो गई थी। दोनों की व्हाट्सएप पर बातचीत होती थी। शंकरलाल व्हाट्सएप पर इस तरह की पोस्ट अपलोड करता कि वह लोगों को विदेश में भेजने का काम करता है। अरबेनिया, मलेशिया और दुबई सहित अन्य कई देशों में उसने खुद के कॉन्टेक्ट होना बताया। शंकरलाल ने पंकज को कहा कि उसके लिए इटली में वेयरहाउस में मैनेजर की पोस्ट है, लेकिन इसके लिए 12.50 लाख रुपए पहले लगेंगे। नौकरी ज्वॉइन करने के बाद हर महीने डेढ़ लाख वेतन और ओवर टाइम मिलेगा। पंकज को व्हाट्सएप पर एक अपॉइंटमेंट लेटर भेजा पंकज ने बताया कि फिर शंकरलाल ने 4 लाख रुपए ले लिए और कहा कि अपॉइंटमेंट लेटर कन्फर्म होने पर 8.50 लाख रुपए और देने होंगे। इसके बाद डॉक्यूमेंटेशन के नाम पर 7 हजार रुपए और ले लिए। 10 फरवरी को शंकरलाल ने पंकज को व्हाट्सएप पर एक अपॉइंटमेंट लेटर भेजा और कहा कि तुम्हारी नौकरी कन्फर्म हो गई है। शंकरलाल ने 2 अप्रैल को पंकज को इटली वीजा एप्लीकेशन सेंटर दिल्ली आने को कहा। लेकिन उसके पहले 28 मार्च को कहा कि तुम्हारी जॉब का काम नहीं हो रहा है। अपॉइंटमेंट लेकर फर्जी निकला, तो मामले का हुआ खुलासा इस पूरे घटनाक्रम के बाद जब पंकज ने मालूम किया तो पता चला कि उसे जो अपॉइंटमेंट लेटर भेजा गया, वह तो फर्जी था। जब उसने शंकरलाल से कॉन्टेक्ट किया तो उसने रुपए लौटाने से भी मना कर दिया। शंकरलाल और उसके साथी राहुल सोनी ने इस तरह से पंकज को इटली में नौकरी दिलवाने के नाम पर 4.07 लाख रुपए ठग लिए।