जैसलमेर के रामगढ़ थाना इलाके में डेढ़ महीने पहले हुई पाइप फैक्ट्री की चोरी का रामगढ़ थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर रामगढ़ थाना पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी हुआ सारा सामान भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई रामगढ़ थानाधिकारी भुटाराम के नेतृत्व में बनाई पुलिस टीम ने की। पकड़े गए आरोपी तोगाराम (20) और गौतम (19) ने पूछताछ में चोरी की वारदात करना कबूल किया है। पुलिस उनसे इस घटना और अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ कर रही है। फैक्ट्री में हुई थी सामान की चोरी जानकारी के अनुसार, चूणाराम निवासी हीरा की ढाणी, निवासी रामगढ़ ने रामगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि आसूतार रोड पर उनकी श्री विरात्रा पाइप फैक्ट्री स्थित है। 13 जून 2026 की रात चोरों ने फैक्ट्री का ताला तोड़कर वहां से कीमती मोटरें, केबल, साइजिंग प्लेटें और स्टार्टर पैनल सहित अन्य सामान चुरा लिया था। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। पुलिस ने ऐसा पकड़ा एसपी अभिषेक शिवहरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवंतदान और वृताधिकारी रूपसिंह ईन्दा के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई। थानाधिकारी भुटाराम के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। गुप्त सूचनाओं और लोकल इनपुट की मदद से पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की घटना कबूल कर ली। दोनों आरोपी भीलपाड़ा के रहने वाले है पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनमें तोगाराम (20) पुत्र पूर्णाराम (उर्फ पूराराम) और गौतम (19) पुत्र बखताराम शामिल हैं। दोनों आरोपी भीलपाड़ा, रामगढ़ के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया है। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी भुटाराम, सहायक उप-निरीक्षक (ASI) प्रेम शंकर, कांस्टेबल पवन कुमार और रमेश कुमार की अहम भूमिका रही।