राजस्थान में लिपिक ग्रेड द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा के तहत रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर पहले ही घंटे से सख्ती देखने को मिली। जिले में कुल 7039 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। कोई निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचा तो कोई अंतिम समय तक दौड़ता नजर आया। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। 21 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में हो रही परीक्षा जिले में परीक्षा के लिए 21 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 10 राजकीय और 11 निजी परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। पहली पारी के लिए अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 7:30 बजे से शुरू हुई और 8:30 बजे सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। तीन स्तर की जांच के बाद ही मिला प्रवेश परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए अभ्यर्थियों की तीन चरणों में जांच की गई। सबसे पहले प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का सत्यापन किया गया। इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सुबह जांच प्रक्रिया के दौरान कुछ समय के लिए केंद्रों पर भीड़ जरूर रही, लेकिन व्यवस्थाएं सुचारु रहने से प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो गई। प्रशासन ने पहले ही अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की थी। हर केंद्र पर पुलिस, वीडियोग्राफी और उड़न दस्तों की निगरानी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर एक पुरुष और एक महिला पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिलेभर में 22 सशस्त्र पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर लगातार वीडियोग्राफी कराई जा रही है। इसके लिए 43 वीडियोग्राफर नियुक्त किए गए हैं। वहीं 23 उप समन्वयक, चार उड़न दस्ते, 32 पर्यवेक्षक और 740 वीक्षकों की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पूरे दिन प्रशासन और पुलिस की टीमें सभी परीक्षा केंद्रों पर सक्रिय रहीं, ताकि भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।