भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में खारी नदी में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की दबिश के दौरान खनन माफिया मौके से फरार हो गया, जबकि अवैध खनन में उपयोग की जा रही जेसीबी और बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने खनन विभाग को भी सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना के बाद खारी नदी में पुलिस की दबिश पुलिस को सूचना मिली थी कि आनंदीपुरा के पास खारी नदी के पेटे में जेसीबी मशीन से अवैध बजरी खनन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, अवैध खनन कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। खनन माफिया और ट्रैक्टर चालक अपनी गाड़ियां वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। जेसीबी और बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही जेसीबी और बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया। दोनों वाहनों को थाने लाकर खड़ा किया गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी खनन विभाग को दे दी है। वहीं फरार ट्रैक्टर ड्राइवर और जेसीबी ऑपरेटर की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।