भीलवाड़ा में अवैध बजरी खनन और परिवहन करने का मामला सामने आया है। गुलाबपुरा थाना पुलिस ने इसे लेकर कार्रवाई की है। इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बजरी से भरे 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी जब्त की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुलाबपुरा SHO संजय गुर्जर ने बताया- एसपी सागर राणा के निर्देशन में भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम हुरडा से आगे खारी नदी पहुंची। रात के समय होता है अवैध खनन SHO संजय गुर्जर ने बताया- जेसीबी की मदद से बजरी का अवैध खनन किया जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बजरी भरी जा रही थी। आरोपी रात के समय बिना लाइसेंस और परमिट के खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से परिवहन करते थे। जब्त किए सभी वाहन बिना नंबर के बताए गए हैं। सभी को थाने लाकर खड़ा किया है और खनिज विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए सूचित किया है। इन लोगों को गिरफ्तार किया पुलिस ने अवैध बजरी खनन के मामले में मेवाराम (25) पुत्र देवी बैरवा निवासी नगर थाना विजयनगर, आकाश नाथ (25) पुत्र मदन नाथ योगी निवासी नगर थाना विजयनगर, सायरलाल (31) पुत्र गंगाराम गुर्जर निवासी जयसिंहपुरा थाना विजयनगर, राजेश (27) पुत्र रामदेव मांभी निवासी नगर थाना विजयनगर, किशन (26) पुत्र मूला गुर्जर निवासी जयसिंहपुरा विजयनगर, राजूसिंह (31) पुत्र मगनसिंह रावत थाना मसूदा को गिरफ्तार किया है। ये रहे टीम में शामिल कार्रवाई करने वाली टीम में गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील, सुभाष चंद्र, कांस्टेबल कृष्ण कुमार, अवधेश, बिशन सिंह, हजारीलाल, इंद्र राम और रफीक मोहम्मद शामिल रहे।