राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 18 अप्रैल को किया जाएगा। यह परीक्षा जिले में भी आयोजित हो रही है, जिसके लिए कुल 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र शहर के अंदर ही स्थित हैं, जिससे कैंडीडेट्स को आने-जाने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी। इस एग्जाम में जिले के कुल 2335 कैंडीडेट्स शामिल होंगे, जो सभी स्थानीय स्तर के ही बताए जा रहे हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। शहर के प्रमुख स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र एग्जाम के लिए शहर के प्रमुख सरकारी और निजी स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। इनमें से पांच सरकारी स्कूल शामिल हैं, जिनमें सेंती सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, मेजर नटवर सिंह स्कूल, सिटी गर्ल्स स्कूल, पुरुषार्थी स्कूल और स्टेशन क्षेत्र स्थित महात्मा गांधी स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा दो निजी संस्थानों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिनमें मेवाड़ गर्ल्स कॉलेज और जैन गुरुकुल स्कूल शामिल हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए पर्याप्त स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था तैनात की जाएगी। एक ही पारी में होगी परीक्षा, एक घंटे में ही होगी एंट्री यह परीक्षा एक ही पारी में आयोजित की जाएगी, जिसका समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तय किया गया है। परीक्षा की अवधि कुल 2 घंटे की होगी। अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। यानी अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में एंट्री मिल पायेगी। इसके बाद किसी भी स्थिति में एंट्री नहीं दी जाएगी। एग्जाम सेंटर पर एंट्री सुबह 9 बजे से शुरू हो जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। ड्रेस कोड और नियमों का करना होगा पालन परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड और अन्य नियम भी निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को जींस पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी, जबकि सामान्य पैंट या कुर्ता-पायजामा पहनकर आ सकते हैं। फुल स्लीव की जगह हाफ स्लीव के कपड़े मान्य होंगे। इसके अलावा किसी भी प्रकार की ज्वेलरी या धातु (मेटल) से बनी वस्तु पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। बड़े बटन, ब्रोच, ताबीज जैसी चीजें भी प्रतिबंधित रहेंगी। परीक्षा केंद्रों पर सख्ती से जांच की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री अंदर न ले जाई जा सके।