राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में बीकानेर की डॉक्टर ऐश्वर्या कंवर ने छठी रैंक हासिल की है। 2022 में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने पीजी न करने की बजाय प्रशासनिक सेवा के लिए तैयारी शुरू की। ऐश्वर्या से इंटरव्यू के दौरान पूछा गया कि यदि आप डिप्टी एसपी बन गई तो फिर आपकी एमबीबीएस की पढ़ाई यहां कैसे काम आएगी ? इस पर ऐश्वर्या ने कहा कि साइकोलॉजी और फोरंसिक तो क्राइम से जुड़ी पढ़ाई है। एमबीबीएस में साइकोलॉजी और फोरेंसिक जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं, जो अपराधियों को समझने और केस सुलझाने में काफी मददगार साबित होते हैं। निश्चित रूप से प्रशासन में कानून की जानकारी होनी चाहिए लेकिन डॉक्टर की पढ़ाई भी काफी महत्वपूर्ण है। ऐश्वर्या ने बताया कि डॉक्टर का पेशा निश्चित रूप से गरीमा से भरा हुआ है लेकिन प्रशासनिक अधिकारी बनने के लिए उन्होंने एक प्रयास किया था। पहले प्रयास में 145 रैंक आई थी और इसके बाद सीधे छठी रैंक पर आ गई। कानून के अनुसार होगी कार्रवाई इंटरव्यू में ऐश्वर्या से पूछा गया कि अगर किसी लड़की के साथ छेड़छाड़ हो और एक नेताजी आपको आकर बोलें कि हम बच्चे को समझा देंगे, कानूनी कार्रवाई में नहीं फंसना चाहते। अब आप क्या कार्रवाई करेंगे। इस पर ऐश्वर्या ने कहा कि निश्चित रूप से मैं कानून के साथ रहूंगी। क्योंकि अगर कानून सम्मत कार्रवाई नहीं हुई तो लड़की के साथ कभी भी कुछ भी हो सकता है। इंटरव्यू में दिखी अंतरराष्ट्रीय समझ इंटरव्यू के दौरान ऐश्वर्या से ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव को लेकर भारत की भूमिका पर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने संतुलित जवाब देते हुए कहा कि भारत ने अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए तटस्थ रुख अपनाया है। इसके साथ ही उनसे क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत से जुड़े सवाल में उनसे पूछा गया कि यदि कप्तान अच्छा प्रदर्शन न करे तो क्या स्थिति होनी चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि कप्तान केवल खुद के प्रदर्शन से नहीं, बल्कि पूरी टीम को लीड करने से जीत दिलाता है। अगर कप्तान अच्छा खेले लेकिन टीम साथ न दे, तो जीत संभव नहीं है। पिता और भाई एयरफोर्स में ऐश्वर्या का परिवार बीकानेर शहर के तिलक नगर में रहता है। पिता औंकार सिंह भाटी स्वयं एयरफोर्स में सारजेंट के रूप में काम कर चुके हैं। रिटायरमेंट के बाद वो शिक्षा विभाग में टीचर बन गए। अब ऐश्वर्या के भाई भी एयरफोर्स में सारजेंट ही है। वहीं चाचा बीकानेर के जूनागढ़ में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं ऐश्वर्या कोलायत के हादां गांव की पीएचसी में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात है।