सीकर में इस बार मानसून की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पिछले वर्ष की तुलना में शुरुआती चार दिनों में जिले में करीब 60 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, शेखावाटी क्षेत्र में अब तक सामान्य बारिश हुई है। मंगलवार शाम को सीकर में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जबकि बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने से उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जिले में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के सीकर में एंट्री करने से पहले प्रेशर कम हो गया था। अभी सीकर जिला मुख्यालय के ऊपर नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, जिसके बाद बारिश होने का अनुमान है। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून इस बार राजस्थान में एंट्री करने से पहले कमजाेर हो गया, 3-4 जिले को छोड़ दें तो राजस्थान में अभी कहीं भी ज्यादा अच्छी बारिश नहीं हुई है। फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बादलों के कारण धूप की तल्खी कम है, लेकिन नमी बढ़ने से उमस महसूस की जा रही है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन बुधवार शाम से सीकर जिले के ऊपर से होकर गुजरेगी। इसके बाद 2-3 दिन अच्छी बारिश होने का अनुमान है। हालांकि बारिश और धूप की वजह से उमस बढ़ेगी। सीकर में इस बार सामान्य बारिश होने की उम्मीद है।