सीमावर्ती जिले जैसलमेर के म्याजलार थाना क्षेत्र के तहत आने वाले फुलिया गांव के पास एक पुराना मोर्टार बम मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सेना को सूचित किया। म्याजलार थाना प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया- पुलिस ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बम के चारों ओर रेत के कट्टे लगाकर उसे कवर कर दिया है, जिससे किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके। फिलहाल उस स्थान की घेराबंदी कर दी गई है और आमजन की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। अब सेना के बम निरोधक दस्ते का इंतजार है। अभ्यास के दौरान रह गया था बम जानकारी के अनुसार, फुलिया गांव के पास एक सुनसान इलाके में ग्रामीणों ने इस मोर्टार बम को देखा। इसके बाद म्याजलार थाना पुलिस को जानकारी दी गई। म्याजलार थाना अधिकारी समेत टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बम पुराना है। हालांकि कितना पुराना है, इसकी जांच सेना के आयुध विशेषज्ञ कर सकेंगे। सीमावर्ती इलाका होने के कारण यहां सेना का युद्धाभ्यास चलता रहता है, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पूर्व में हुए किसी अभ्यास के दौरान यह बम यहां रह गया, जो फटा नहीं। रेत के कट्टों से किया सुरक्षित पुलिस ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बम के चारों ओर रेत के कट्टे लगाकर उसे कवर कर दिया है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके। फिलहाल उस स्थान की घेराबंदी कर दी गई है और आमजन की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सेना के बम निरोधक दस्ते का इंतजार थाना अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि बम मिलने की आधिकारिक सूचना भारतीय सेना को भेज दी गई है। अब सेना का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचेगा, जिसके बाद ही इस जिंदा बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया जाएगा। गौरतलब है कि इस इलाके में पहले भी कई बार सेना के पुराने बम मिल चुके हैं।