पटवारी ने अपने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड नोट में उन्होंने नायब तहसीलदार सविता राठौर पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। वह बांसवाड़ा के के ​छायन बड़ी ग्राम पंचायत के कदवाली के रहने वाले थे। वर्तमान में MP के रतलाम स्थित आलोट तहसील के खजूरी सोलंकी में पोस्टिंग थी। 21 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे घर वालों से उन्होंने बात भी की थी। इसके बाद रतनाल के MB नगर स्थित अपने आवास पर सुसाइड कर लिया था। पटवारी रविशंकर खराड़ी (33) ने सुसाइड नोट में लिखा है- मुझे बहुत टॉर्चर किया गया। मैं अपने छोटे भाई की शादी और रिसेप्शन तक अटेंड नहीं कर पाया। नायब तहसीलदार ने धमकाते हुए कहा था कि तुम्हें अपने भाई की शादी भी अटेंड करने नहीं दूंगी। मामला सामने आने के बाद रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने सविता राठौर को निलंबित कर दिया है। 20 अप्रैल को थी भाई की शादी, बीच में छोड़कर आना पड़ा रविशंकर के भाई सिद्धार्थ की 20 अप्रैल को शादी थी। भाई सिद्धार्थ ने बताया कि रविशंकर एक दिन पहले 19 अप्रैल की सुबह घर आए थे। 20 अप्रैल को बांसवाड़ा के बड़ी सरवन के पास तारा घाटी में शादी के लिए साथ आए थे। इस दौरान उन्होंने सिद्धार्थ को कंधे पर बैठाकर डांस भी किया था। अचानक फेरों के समय वे परिवार को छोड़कर रतलाम रवाना हो गए। सिद्धार्थ ने बताया कि 20 अप्रैल की ही रात को रतलाम में रिसेप्शन था। रविशंकर उसमें भी नहीं आए। 21 अप्रैल की सुबह 10 बजे घरवालों से रविशंकर की बात हुई थी। दोपहर में परिवार के लोग रविशंकर के घर पहुंचे तो वहां फंदे पर उनका शव लटका मिला। घरवालों ने 22 अप्रैल को रतलाम मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सुसाइड नोट में लिखा- क्वार्टर पर बुलाकर धमकी दी रविशंकर ने सुसाइड नोट में लिखा है- मैं ऐसी दबावपूर्ण नौकरी नहीं कर सकता, इसलिए यह कदम उठा रहा हूं। महिला अधिकारी ने उन्हें अपने क्वार्टर पर बुलाया और धमकाते हुए कहा कि वे उनके भाई की शादी में विघ्न डाल देंगी। उन्हें शादी में शामिल होने के लिए समय भी नहीं देंगी। नायब तहसीलदार पर नक्शा, मौका रिपोर्ट पंचानामा जैसे सरकारी डॉक्यूमेंट में भी बदलाव के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। एक अन्य व्यक्ति रणजीत सिंह के पक्ष में काम करने के लिए उन पर छुट्टी के दिन भी क्वार्टर पर बुलाकर दबाव डाला गया। जब पटवारी ने गलत काम करने से मना किया या विरोध किया तो कारण बताओ नोटिस देने की धमकी दी गई। मुझे इतना टॉर्चर किया गया कि वह अपने भाई की शादी के कार्ड तक नहीं बांट पाया।​ साफे से बनाया फंदा, घर में पसरा मातम भाई की शादी में जो साफा रविशंकर ने पहना था, उसी का फंदा लगाकर जान दे दी। इधर, पुलिस ने सुसाइड नोट और मोबाइल में मिली रिकॉर्डिंग की जांच शुरू कर दी है।