​बांसवाड़ा जिला पुलिस ने शनिवार को एक दिवसीय विशेष अभियान 'एरिया डोमिनेशन' चलाया गया। एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन और सुपरविजन में पुलिस ने जिले भर में एक साथ छापेमारी की। इसके लिए जिला पुलिस की 60 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसमें 301 पुलिसकर्मियों ने शामिल होकर 424 चिन्हित स्थानों पर दबिश दी और कुल 244 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ​'ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-02' और 'त्रिनेत्र' के तहत हुई कार्रवाई ​एसपी सुधीर जोशी और एएसपी नरपत सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सभी थानाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों को घेरा। इस अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में बड़ी गिरफ्तारियां और बरामदगी की गई है। आबकारी अधिनियम के तहत 20 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 3 वांछित आरोपियों को भी दबोचा गया। पुलिस ने 161 लीटर देसी हथकड़ शराब बरामद की और 58 अवैध भट्टियों को तोड़कर करीब 7730 लीटर अवैध महुआ वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया। कुशलगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके अलावा पुलिस ने स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी और 335 बीएनएसएस के तहत 5 आरोपियों को, गिरफ्तारी वारंट के तहत 18 वांछित आरोपियों को और 138 एनआई एक्ट के तहत 6 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ​खमेरा थाना पुलिस ने कुर्की वारंट के तहत अभियुक्त 44 हजार रुपए वसूल कर कोर्ट में जमा कराए। वहीं वांछित 16 आरोपी और निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 195 गैर सायलों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 98 हिस्ट्रीशीटर्स व एचएस की चेकिंग की और संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त रहे 93 अपराधियों को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की।