पाली के महावीर नगर कच्ची बस्ती के लोगों को करीब 45 सालों से मकान के पट्टे बनने का इंतजार है। आवासीय पट्टे दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष हकीम भाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक भीमराज भाटी के लेटरपैड पर ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार की शहरी योजना के तहत पात्र परिवारों को न्यूनतम दरों पर पट्टे जारी करने की मांग की है। लोगों को नहीं मिल रहा सरकारी योजनाओं का लाभ हकीम भाई ने आयुक्त को बताया- महावीर नगर कच्ची बस्ती के अधिकांश परिवार वर्षों से वहीं निवास कर रहे हैं। उनके नाम पर पानी और लाइट कनेक्शन, राशन कार्ड तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े दस्तावेज और प्रमाण पत्र भी हैं। इसके बावजूद भूमि का स्वामित्व नहीं होने के कारण वे कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। जल्द से जल्द पट्टे जारी हो उन्होंने निगम आयुक्त से आग्रह किया कि इस गंभीर समस्या से संबंधित विभागीय मंत्री को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के पात्र परिवारों को जल्द से जल्द भूखंड एवं मकानों के पट्टे जारी किए जा सकें। निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने प्रतिनिधि मंडल की बात गंभीरता से सुनी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मोहल्ले के कई लोग मौजूद रहे।