झालावाड़ में महिला कांग्रेस की कोटा जिलाध्यक्ष और झालावाड़ प्रभारी राखी गौतम ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण बिल की आड़ में 'परिसीमन' का छल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना जातिगत जनगणना कराए परिसीमन कराना चाहती है, जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी। झालावाड़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए राखी गौतम ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पारित हो चुका था और कांग्रेस को इस बिल से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस बिल का उपयोग लोगों को गुमराह करने और अपनी दोहरी नीति को छिपाने के लिए कर रही है। गौतम ने कहा कि भाजपा की ओर से महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन बिल लाने की कोशिश की गई थी, जिसे कांग्रेस और समस्त विपक्ष ने मिलकर विफल कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की राजनीति में जानबूझकर भ्रम पैदा किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को उनके राजनीतिक अधिकारों से वंचित रखा जा सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नीयत कभी भी महिलाओं को अधिकार देने की नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना और परिसीमन जैसी शर्तें थोपकर भाजपा इस बिल को भविष्य के लिए लटकाना चाहती है। गुर्जर ने मांग की कि महिलाओं को उनका अधिकार बिना किसी देरी और बिना किसी शर्त के तुरंत मिलना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि झालावाड़ जिला कांग्रेस महिलाओं के इस हक की लड़ाई को गांव-गांव तक लेकर जाएगी। इस दौरान पूर्व विधायक मीनाक्षी चंद्रावत, जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष वर्षा शर्मा, कांग्रेस नेता ओम पाठक, अंबेश मीणा, डॉ. नंद सिंह राठौड़, भगवती प्रकाश, राजेंद्र शर्मा, मोहम्मद सिद्दीक गौरी, महिला ब्लॉक अध्यक्ष सुशीला जैन, मोनिका सेठी, अनीता शर्मा और वसीम अकरम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। गलत नीतियों में हम साथ नहीं मीडिया को राखी गौतम ने बताया कि महिलाओं के नाम पर राजनीति की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी व सरकार के लोग गलत जानकारी आमजन में फैला रहे हैं। इनका विरोध इसलिए किया जा रहा है कि यह वर्षों तक सरकार में बने रहने के लिए परिसीमन का सहारा ले रहे हैं। इस पर आपत्ति है और गलत नीतियों में उनके साथ नहीं है। भाजपा झूठ का सहारा लेकर आमजन को गुमराह करके आगे तक भविष्य में सत्ता में बने रहने के सपने देख रही है।