उदयपुर में सोमवार देर रात एक ओवरलोड पिकअप खराब होने से ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई। चढ़ाई के दौरान पिकअप के बीच सड़क पर बंद हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्रैक्टर मंगवाकर खराब पिकअप को खींचकर घाटे से ऊपर हटवाया। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने भी वाहन को धक्का लगाने में मदद की। हेड कॉन्स्टेबल पप्पू मीणा के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे नाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58ई स्थित खेरिया घाटा की है। पिकअप चालक उदयपुर से पानरवा की ओर खाद्य सामग्री लेकर जा रहा था। वाहन ओवरलोड होने के कारण चढ़ाई के दौरान खराब हो गया। जाम के दौरान एक एंबुलेंस भी फंस गई थी, जिसे प्राथमिकता देते हुए तुरंत रास्ता साफ कर निकाला गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।