झुंझुनूं की बुहाना थाना पुलिस ने कुहाड़वास की पहाड़ियों के पास घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के कब्जे से 12 बोर की सिंगल बैरल बंदूक और 13 कारतूस बरामद किए गए हैं। बुहाना थानाधिकारी बिमला बुडानिया ने बताया- शनिवार को गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कंधे पर बंदूक लटकाए हुए कुहाड़वास की पहाड़ियों की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और कुहाड़वास स्टैंड से कच्चे रास्ते की ओर रवाना हुई। पुलिस को देख भागने लगा आरोपी पहाड़ियों के पास पहुंचने पर पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर हथियार लटकाए पैदल जाता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी और जाब्ते को देखकर आरोपी ने भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान करण सिंह (34) पुत्र बनवारी लाल, निवासी कुहाड़वास के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध 12 बोर सिंगल बैरल बंदूक, 6 जिंदा कारतूस और 7 खाली कारतूस जब्त किए। बंदूक का लाइसेंस नहीं मिला करण सिंह से जब पुलिस ने उससे हथियार का लाइसेंस मांगा तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर हथियार जब्त कर लिए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी करण सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी बुहाना थाने में मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह हथियार कहां से लाया था और उसका इरादा क्या था।