बूंदी जिला मुख्यालय पर गुरुवार को 77वां राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य और गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शानदार परेड से हुई, जिसमें पुलिस जवानों ने अपने सटीक कदमताल, अनुशासन और जोश का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने परेड की सलामी ली और जवानों का निरीक्षण कर उनकी तैयारियों एवं समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिक तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस सदैव आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस का इतिहास गौरवशाली रहा है और समय-समय पर आई चुनौतियों का पुलिस बल ने दृढ़ता और साहस के साथ सामना किया है। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के अंतर्गत परिसर में पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।