नमस्कार शिक्षा मंत्रीजी दौरे पर निकलते हैं और सरकारी स्कूलों का हाल सामने आ जाता है। श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में तो टॉयलेट पर सही से महिला और पुरुष तक नहीं लिखा था। जयपुर में स्टंटबाज लड़की की ‘रील’ पुलिस ने बना दी। बारां में ASP साहब का सिंघम अवतार दिखा और फलोदी में AEN जी की बात झूठी साबित हो गई। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. शिक्षामंत्रीजी ने पकड़ी 'टॉयलेट' वाली गलती शिक्षा मंत्रीजी जब-जब औचक दौरों पर निकलते हैं, तब-तब कोई न कोई ऐसा गड़बड़झाला सामने आ ही जाता है कि सरकारी स्कूलों की पोल खुल जाती है। पिछले दिनों श्रीगंगानगर में शिक्षामंत्री जी ने 8वीं क्लास के बच्चे से 49 + 2 का सवाल पूछ लिया था। बच्चे के जवाब पर उन्होंने माथा पकड़ लिया था। श्रीगंगानगर के ही सूरतगढ़ में भी व्यवस्थाओं की सूरत उजागर हो गई। शिक्षामंत्रीजी एक उच्च माध्यमिक यानी 12वीं तक के स्कूल का दौरा करने पहुंचे। स्कूल का मेन गेट देख वे चौंके। स्कूल पर माध्यमिक विद्यालय लिखा था। मंत्रीजी ने सोचा गलती से 10वीं तक के स्कूल में तो नहीं पहुंच गए? मंत्रीजी ठीक जगह पहुंचे थे। बस स्कूल वालों ने क्रमोन्नत होने के बाद भी 5 साल तक बोर्ड पर उच्च जोड़ देने का तुच्छ कष्ट नहीं उठाया था। मंत्री जी स्कूल के अंदर दाखिल हुए। यहां टॉयलेट चमाचम थे। ताखरांवाली ग्राम पंचायत के सरपंच (प्रशासक) ने टॉयलेट की दीवार पर नीले-पीले-लाल अक्षरों में मोटा-मोटा अपना नाम लिखवा रखा था- सरपंच भारत रतन। एक तरफ लाल तीर बनाकर पुरुष शौचालय लिखा था दूसरी तरफ महिला शौचालय। मंत्रीजी पुरुष शौचालय में घुसे। अंदर जाने पर वह महिला शौचालय निकला। महिला शौचालय के अंदर पुरुष शौचालय का सिस्टम था। मंत्रीजी भी एक ही जिले के दौरे पर कितनी बार माथा पीटते? खामी दुरुस्त करने के निर्देश देकर चुपचाप चल पड़े। 2. स्टंटबाज लड़की की पुलिस ने बनाई ‘रील’ जयपुर पुलिस ने एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में एक लड़की जयपुर की सड़कों पर बाइक का स्टंट दिखा रही है। बैकग्राउंड में गाना है। गाने के बोल हैं- हुस्न गली में सैकड़ों दीवाने हो गए गुम। गाने की बीट से भी तीव्र गति से एस लड़की सड़क पर इनफील्ड दौड़ा रही है। कारों को ओवरटेक कर रही है। बसों को ओवरटेक कर रही है। बाइक को रोड पर नागिन की तरह लहरा रही है। चलती बाइक पर खड़ी हो जाती है और हाथों को स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी की तरह खोल देती है। स्क्रीन पर एक तरफ जयपुर पुलिस का लोगो नजर आ रहा है। नीचे लिखा है- पहले- स्टंट दिखाकर लाइक बटोर रहे थे। वीडियो आगे बढ़ता है और लड़की का चालान काटती पुलिस नजर आती है। पोस मशीन से लंबे-चौड़े चालान की रील निकल रही है। स्क्रीन पर लिखा है- अब यातायात पुलिस जयपुर का चालान देखकर सबक मिल गया। 3. ASP साहब का सिंघम अवतार बारां में बदमाशों ने खूब तांडव मचाया। व्यापारी को किडनैप किया। खेत में ले जाकर खूब मारा-पीटा। एक करोड़ की फिरौती मांगी। 14 लाख वसूल भी लिए। 15 लाख और देने का वादा लेकर कब्रिस्तान के पास पटक गए। पुलिस को यह खुली चुनौती थी। पुलिस की टीमों ने एक-एक कर 6 बदमाशों को दबोच लिया। सातवां मुख्य आरोपी फरार। मौके की नजाकत के अनुसार नगर परिषद को मुख्य आरोपी का मकान सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से बना पाया गया। जेसीबी के साथ पुलिस और नगर परिषद टीम मोहल्ले में पहुंची और मकान ढहा दिया। कार्रवाई के बाद एएसपी साहब ने माइक-भोंपू संभाला और सिंघम के लहजे में पूरे मोहल्ले को चेतावनी दी-बदमाशी करके ये मत सोचना कि बच जाओगे। यही हश्र होगा। 4. चलते-चलते.. हाथ कंगन को आरसी क्या और पढ़े-लिखे को फारसी क्या। हाथ में पहने कंगन को देखने के लिए आईने के क्या जरूरत है। वह तो प्रत्यक्ष दिख ही रहा है। कभी कभी प्रत्यक्ष होते हुए भी चीजें नहीं दिखती। जैसे फलोदी नगर परिषद के AEN साहब को नहीं दिखी। हुआ यूं कि लंबे समय से लोग सड़क की मांग कर रहे थे। सड़क बनने लगी। लोग खुश। लेकिन सड़क का हाल देखकर लोगों का माथा ठनका। सड़क हाथों से उखड़ रही थी। लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। AEN साहब को मौके पर बुलाया गया। एक अति उत्साही ने पूछा- साहब, क्या आपके हिसाब से सड़क में जो मैटेरियल डाला है वो ठीक है? साहब बोले- ठीक है। इसके बाद एईएन साहब की आंखों के सामने ही सड़क की अग्नि परीक्षा हो गई। लोगों ने हाथों से सड़क उखाड़कर कहा- ये ठीक है? आप भी भ्रष्टाचारी हैं। इनपुट सहयोग- काका सिंह (श्रीगंगानगर), शुभम निमोदिया (बारां)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी।