महंगे होते इलाज के बीच प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय (एनएसओ) के ताजा सर्वे के मुताबिक, 2025 में राजस्थान के अस्पतालों में भर्ती करीब 25 लाख मरीजों के इलाज का औसत खर्च 21,829 रुपए रहा, जो राष्ट्रीय औसत 37,858 रुपए से करीब 42% कम है। इलाज खर्च में राजस्थान देश में 8वें स्थान पर है। सबसे सस्ता इलाज लद्दाख (6,315 रुपए) में है, जबकि चंडीगढ़ (80,478 रुपए) सबसे महंगा है। चंडीगढ़ के निजी अस्पतालों में इलाज का औसत खर्च 1.69 लाख तक है। प्रदेश में सरकारी अस्पतालों में औसत खर्च 4,625 रुपए है, फिर भी 52% मरीज निजी अस्पतालों को प्राथमिकता दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में निजी अस्पतालों का औसत खर्च 31,770 रुपए है, जो देश में सबसे कम है। प्रदेश में निजी अस्पतालों से सरकारी आठ गुना सस्ते हैं प्रदेश में अस्पताल में भर्ती होने की दर प्रति 1000 आबादी पर 31 है, जो राष्ट्रीय औसत 29 से अधिक है। शहरी क्षेत्रों में यह दर 36 और ग्रामीण क्षेत्रों में 29 है। पुरुषों की भर्ती दर महिलाओं की तुलना में अधिक रही। राज्य में 45.3% मरीज सरकारी अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 53.7% मरीज प्राइवेट अस्पतालों को चुन रहे हैं। केरल में प्रति 1000 आबादी पर 92 लोग अस्पताल में भर्ती होते हैं, जबकि मेघालय में यह आंकड़ा मात्र 9 है। सर्वे में शामिल किए; जनवरी-दिसंबर 2025 के बीच किए गए इस सर्वे में राजस्थान के 7,642 परिवारों के 39,835 लोगों समेत देश के 1,39,732 परिवारों के 6,51,440 लोगों को शामिल किया गया। भास्कर एक्सपर्ट- डॉ. पूजा अग्रवाल, वाइस प्रेसिडेंट, आर्य मेडिकल कॉलेज राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाएं किफायती होने का मुख्य कारण यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज मॉडल और सरकारी योजनाएं हैं। प्राइवेट अस्पतालों में प्रतिस्पर्धी दरें भी खर्च कम रखने में मदद कर रही हैं। हालांकि, बेहतर सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे में निवेश बढ़ाने की जरूरत है। खींवसर ने कहा- प्रदेश में किफायती इलाज सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता “राज्य में किफायती इलाज सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और नि:शुल्क दवा-जांच जैसी योजनाओं से आमजन का खर्च कम हुआ है। सरकार चिकित्सा ढांचे को मजबूत कर रही है, ताकि हर व्यक्ति को सस्ता और बेहतर इलाज मिल सके।” - गजेंद्र सिंह खींवसर, चिकित्सा मंत्री