दसवीं परीक्षा में देखा उत्कर्ष मित्तल का सपना आखिरकार शनिवार को पूरा हो गया। लगातार मेहनत के दम पर उत्कर्ष ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा 2024 के रिजल्ट में ब्लाइंड कैटेगरी में पूरे राजस्थान में 10वीं रैंक हासिल की हैं। झुंझुनू जिले के उदयपुरवाटी निवासी उत्कर्ष का कहना है कि मेरी आंखों की रोशनी मेरा परिवार बना, इसलिए मैं टॉपर आया। उन्होंने बताया कि उनके मन में प्रशासनिक अधिकारी बनने का विचार स्कूल के समय से ही आ गया था। क्लास 10th में उनके टीचर ओमप्रकाश ने उन्हें इस क्षेत्र में जाने के लिए प्रेरित किया था। इसके बाद कॉलेज के दौरान उनके चाचा नवीन मित्तल और भाई निकुंज ने गाइड कर उनका हौसला बढ़ाया। रिजल्ट आते ही परिवार में जश्न का माहौल है। पिता रमाकांत मित्तल और परिवार के अन्य सदस्यों ने उत्कर्ष की मेहनत पर गर्व जताया है। पिता ने कहा कि उत्कर्ष बचपन से ही पढ़ाई में तेज है और उसका लक्ष्य हमेशा से समाज सेवा का रहा है। अब मां का सपना भी पूरा होगा ​उत्कर्ष ने बताया कि प्रीलिम्स परीक्षा नीमकाथाना में दी। मेन्स परीक्षा जयपुर में हुई। इंटरव्यू अजमेर में RPSC मुख्यालय में हुआ, जहां बोर्ड सदस्यों ने उनके साथ बहुत ही सहयोगात्मक व्यवहार किया। ​तैयारी के दौरान नोट्स पढ़ने से लेकर टेस्ट पेपर सॉल्व करने तक, उनके परिजनों ने उनका पूरा साथ दिया। उत्कर्ष की मां का सपना है कि उनका बेटा आगे चलकर SDM बने और समाज की सेवा करें। इसके जवाब में उत्कर्ष का कहना है कि वे मां का हर सपना पूरा करेंगे। ​​उत्कर्ष अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने परिवार को देते हैं। उनके पिता और दादाजी ने हमेशा उन पर भरोसा जताया। उत्कर्ष ने कहा मेरे परिजनों ने मुझे हर कदम पर सपोर्ट किया। चाहे वह टेस्ट दिलाने ले जाना हो या पढ़ाई के लिए संसाधन जुटाना, उन्होंने कभी भी मुझे मेरी कमी महसूस नहीं होने दी। उत्कर्ष ने बताया कि वे अपनी रैंक में सुधार करना चाहते हैं और भविष्य में एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देना चाहते हैं।​ ​