सीकर में 65 साल के रिटायर्ड बैंक कर्मचारी को मनी लॉन्ड्रिंग केस का डर दिखाकर साइबर ठगों ने 55 लाख रुपए ठगे। ठगों ने कर्मचारी को 2 दिन तक डिजिटल अरेस्ट किया। वीडियो कॉल पर उन्हें कोर्ट और जज भी दिखाया गया। मामले में पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 1 जुलाई को सीकर निवासी महावीर प्रसाद शर्मा के व्हाट्सएप पर कॉल आया था। कॉल करने वाले ने उन्हें कहा कि आप एक मोबाइल सिम यूज ले रहे हो। जिससे गलत मैसेज और विज्ञापन भेजे जा रहे हैं। आपके खिलाफ दिल्ली के दरियागंज थाने में 24 मुकदमे दर्ज हैं। आपको हमारे पुलिस थाने पर आना होगा। ED और मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज होने का दिया झांसा ठगों ने कॉल महावीर प्रसाद शर्मा से कहा कि आपके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और ED का केस दर्ज हुआ है। इसलिए आपको ऑनलाइन गिरफ्तार किया जाता है। हमने आपके खिलाफ एक केनरा बैंक अकाउंट का एटीएम कार्ड और पासबुक भी दूसरे आदमी से जब्त की है। जिसमें आपके खाते में 6 करोड़ 80 लाख रुपए मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित हैं। ठगों ने महावीर प्रसाद से कहा कि अब आपका केस ED में ट्रांसफर हो चुका है। एक दूसरे आदमी ने खुद को ऑफिसर बताते हुए पीड़ित से बात की और उन्हें एक सुप्रीम कोर्ट का परिसर दिखाकर ऑनलाइन बयान दर्ज किए। नकली जज बनकर सुनाया फैसला वीडियो कॉल पर जज बने शक्स ने फैसला सुनाया कि आपकी संपत्ति और बैंक में जमा रुपयों को जब्त किया जाता है। आपकी जमानत को भी खारिज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपके पास दो दिन का टाइम है। यदि जमानत करवाना चाहते हो तो 78.98 लाख रुपए जमा करवाओ वरना आपकी संपत्ति जब्त हो जाएगी। ठगों ने रिटायर्ड कर्मचारी को कमरे में बंद रहने के लिए बोला। उन्होंने कहा कि पैसों की व्यवस्था करके बैंक में जमा करवाओ। ऐसे में 2 जुलाई को महावीर प्रसाद ने 30 लाख और 3 जुलाई को 25 लाख रुपए जमा करवा दिए। महावीर प्रसाद को कहा गया कि इस बारे में किसी को भी मत बताना क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। आपके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा भंग करने का भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपियों के द्वारा महावीर प्रसाद को 1 जुलाई से लेकर 3 जुलाई तक किसी से बातचीत नहीं करने और कमरे में बंद रखा गया। इस तरह से आरोपियों ने महावीर प्रसाद से 55 लाख रुपए ठग लिए। मामले में फिलहाल साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच इंस्पेक्टर मुकेश कुमार कर रहे हैं।