खैरथल-तिजारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शुक्रवार को किशनगढ़बास क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महरमपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम "ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे – नेविगेटिंग लाइफ लीगली" अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ, जिसमें करीब 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर का आयोजन राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशन में तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण अध्यक्ष शैलेन्द्र व्यास और सचिव रनवीर सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता अर्पित शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट को लेकर किया जागरूक मुख्य वक्ता अर्पित शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्व, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की सलाह भी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सतर्कता बेहद जरूरी है। शिविर में बाल अधिकारों, उनके संरक्षण के उपायों और बाल विवाह के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। वक्ता ने पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की स्थिति में कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और उपलब्ध कानूनी उपायों के बारे में जागरूक किया। विद्यालय में स्थापित की गई ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटिका कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में "कोर्ट वाली दीदी" नाम से शिकायत पेटिका भी स्थापित की गई। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी समस्याओं और शिकायतों को गोपनीय तरीके से साझा कर सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह पहल विद्यार्थियों को सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। शिविर में विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की विधिक सहायता या साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 15100 और 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई।