भरतपुर के उच्चैन क्षेत्र स्थित राजकीय संस्कृत विद्यालय, सैदपुरा में सोमवार को छात्रों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। करीब दो घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन में छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में 12 शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। 12 शिक्षकों और प्रिंसिपल का पद खाली गांव के युवक विजय सिंह ने बताया कि विद्यालय में 12 शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इसके अलावा प्रिंसिपल का पद भी खाली है। इस कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार इस समस्या से अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। 700 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित ग्रामीणों के अनुसार, जब उनकी सुनवाई नहीं हुई तो छात्रों और ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर तालाबंदी कर दी। प्रदर्शन के दौरान किसी भी शिक्षक को विद्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया गया। विद्यालय में करीब 700 विद्यार्थियों का नामांकन है, इसके बावजूद शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। दो दिन में कार्रवाई का भरोसा ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल परीक्षा कार्य चल रहा है, इसलिए वे उसमें व्यस्त हैं। परीक्षा समाप्त होते ही विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि दो दिन में टीचर नहीं लगाए गए तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।